![]()
पलामू पुलिस ने सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और पंचायत भवनों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले जीजा-साला के गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के नामुदाग गांव में पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश कुमार भुइयां के घर छापेमारी कर पुलिस ने 13 प्रिंटर, लैपटॉप, कंप्यूटर, सीपीयू, इन्वर्टर, बैटरी, होम थिएटर और लेमिनेशन मशीन समेत बड़ी संख्या में चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि 30 अगस्त को सूचना मिली थी कि अवधेश के घर में चोरी का सामान रखा गया है और उसे बेचने की तैयारी चल रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान मिला। इसके बाद अवधेश को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पहले करते थे रेकी, फिर रात में तोड़ते थे ताले पुलिस पूछताछ में अवधेश कुमार भुइयां ने अपने साले अमोद भुइयां के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों पहले सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और अन्य संस्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के अंधेरे में वहां पहुंचकर ताले तोड़ते और कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू समेत अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लेते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने छतरपुर प्रखंड कार्यालय, छतरपुर विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय, नौडीहा बाजार की एक फोटो-कॉपी दुकान और नामुदाग हाई स्कूल में चोरी करने की बात बताई है। इससे पुलिस को गिरोह की गतिविधियों और चोरी के सामान को ठिकाने लगाने के तरीके के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। 13 प्रिंटर से लेकर तीन बाइक बरामद आरोपियों की निशानदेही पर अवधेश के घर के अलावा अन्य स्थानों से भी चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में अलग-अलग कंपनियों के 13 प्रिंटर, एक एसर लैपटॉप, एसर ऑल-इन-वन कंप्यूटर, डेल और लेनोवो के सीपीयू, डेस्कटॉप मॉनिटर, दो इन्वर्टर, 200 एएच की बैटरी, होम थिएटर और लेमिनेशन मशीन शामिल हैं। इसके अलावा लैपटॉप माउस और चार्जर, गैस सिलेंडर, मूविंग चेयर तथा तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद होने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और चोरी का सामान किन लोगों को बेचा जाता था। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए मामले में नौडीहा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के सामान के संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही, आरोपियों की निशानदेही पर सामने आए चोरी के मामलों का भी सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सरकारी संस्थानों से चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक सामान को कहां और किसके माध्यम से खपाया जाता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी की अन्य घटनाओं के भी खुलासे की संभावना है।
Source link
पलामू में जीजा-साला का चोरी का खेल:सरकारी दफ्तरों से उड़ाते थे कंप्यूटर-प्रिंटर, रेकी के बाद रात में तोड़ते थे ताले
