![]()
नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव के नामांकन की अंतिम दिन शहर में सियासी पारा चढ़ा रहा। नामांकन केंद्र पर दिनभर दावेदारों और उनके समर्थकों की भीड़ नजर आई। नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए अंतिम दिन 98 दावेदारों ने 112 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही अब तक कुल 137 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरने के लिए 154 नामांकन पत्र भर चुके हैं। निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में नामांकन के अंतिम दिन सामने आए राजनीतिक समीकरणों ने दोनों प्रमुख दलों की चिंता बढ़ा दी है। पार्टी टिकट से वंचित रहे कई दिग्गज नेताओं और प्रभावशाली दावेदारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर चुनावी ताल ठोक दी। ऐसे में कई वार्डों में मुकाबला बहु कोणीय होने के साथ ही त्रिकोणीय मुकाबले के आसार भी बन गए हैं। हालांकि अभी चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा कि निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरे कितने दावेदार चुनावी रण में डटे रहते हैं और कितने पार्टी के दबाव या समझाइश के बाद नाम वापस लेते हैं। आदमी पार्टी से ट्रांसजेंडर प्रत्याशी इधर, दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से अधिकृत प्रत्याशियों की सूची को लेकर भी दिनभर राजनीतिक हलचल बनी रही। पार्टी सूचियों में संभावित उलटफेर की चर्चाओं के बीच कई दावेदारों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी की स्थिति देखने को मिली। अधिकृत सूचियां सामने आने और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही प्रत्येक वार्ड में मुकाबले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी। नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव में इस बार एक नया अध्याय भी जुड़ा है। आम आदमी पार्टी ने पहली बार ट्रांसजेंडर प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी ने सुनीता बाई किन्नर को प्रत्याशी बनाया है। उनके चुनाव मैदान में उतरने से नाथद्वारा का निकाय चुनाव सामाजिक समावेशिता के लिहाज से भी चर्चा में आ गया है।
अंतिम सूची के अनुसार आम आदमी पार्टी के 9 प्रत्याशियों के अलावा 28 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। ऐसे में प्रमुख दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने निर्दलीय दावेदारों की चुनौती कई वार्डों में मुकाबले को रोचक बना सकती है। अब सभी की निगाहें नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पर टिकी हैं। इसके बाद ही तय होगा कि नाथद्वारा के 40 वार्डों में चुनावी रण में कौन-कौन आमने-सामने होगा और किन वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय या बहु कोणीय बनता है।
Source link
नाथद्वारा निकाय चुनाव नामांकन:अंतिम दिन 98 दावेदारों ने भरे 112 पर्चे, निर्दलीयों ने बढ़ाई चिंता
