Headlines

शादी से इनकार पर गर्लफ्रेंड की हत्या, बॉयफ्रेंड गिरफ्तार:ग्वालियर में कार से अगवा कर ले गया; चुनरी से गला घोंटकर झाड़ियों में फेंका शव




ग्वालियर के कैंसर पहाड़िया पर सोमवार सुबह मिली 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शादी से इनकार करने पर बॉयफ्रेंड ईशान खान ने अपने दोस्त और रिश्ते के भाई अरबाज खान के साथ मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने सोमवार रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल उधार ली गई बलेनो कार भी जब्त कर ली गई है। जांच में सामने आया कि ईशान और नाबालिग के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे। दोनों परिवारों को भी रिश्ते की जानकारी थी, लेकिन हाल के दिनों में नाबालिग उससे दूरी बनाने लगी थी। परिजन उसका रिश्ता कहीं और तय कर रहे थे। इसी बात से नाराज ईशान ने हत्या की साजिश रची थी। कार से अगवा कर ले गया
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात ईशान और अरबाज ने किशोरी को केआरजी कॉलेज के पास जबरन कार में बैठाया और कैंसर पहाड़िया ले गए। वहां ईशान ने उससे शादी करने के लिए कहा। किशोरी के इनकार करते ही अरबाज ने उसके दोनों हाथ पकड़ लिए और ईशान ने चुनरी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शव को झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गए। सुबह झाड़ियों में मिला था शव
सोमवार सुबह कैंसर पहाड़िया की झाड़ियों में 17 वर्षीय नाबालिग का शव मिला था। उसके गले पर कसने के निशान थे। सूचना मिलते ही कंपू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।जांच में पता चला कि नाबालिग नया बाजार स्थित मणि साड़ी सेंटर में काम करती थी। रविवार रात घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने कंपू थाने में गुमशुदगी और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। परिजनों ने सिटी सेंटर महलगांव निवासी ईशान खान पर संदेह जताया था। सीसीटीवी और कार नंबर से पहुंचे आरोपियों तक
पुलिस ने ईशान और अरबाज की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में ईशान नाबालिग की दुकान के बाहर रैकी करते दिखाई दिया। वहीं, वारदात में इस्तेमाल कार का नंबर मिलने के बाद पुलिस कार मालिक तक पहुंची। पूछताछ में पता चला कि ईशान कार मांगकर ले गया था। पहले अरबाज पुलिस के हाथ लगा। उससे पूछताछ के बाद सोमवार रात ईशान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में ईशान ने बताया कि उसने पहले ही तय कर लिया था कि यदि नाबालिग शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो वह उसकी हत्या कर देगा। उधार ली थी बलेनो कार
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार भी जब्त कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देशन में सीएसपी रोबिन जैन, सीएसपी रवि भदौरिया और थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। एसएसपी बोले- 12 घंटे में खुलासा किया
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि नाबालिग की हत्या का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया। हत्या के आरोपी ईशान और उसके साथी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में शादी से इनकार को हत्या की वजह माना जा रहा है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *