![]()
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के जेल भरो आंदोलन के दौरान फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद संगठन के प्रांतीय महासचिव काका सिंह कोटड़ा की सोमवार रात तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है। सूचना मिलते ही बीकेयू सिद्धूपुर के प्रमुख और एसकेएम गैर-राजनीतिक के वरिष्ठ नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने काका सिंह कोटड़ा का हालचाल जाना। उन्होंने काका सिंह कोटड़ा की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए जेल प्रशासन और जिला प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। अस्पताल लाकर इलाज करवाने की मांग डल्लेवाल ने आरोप लगाया कि कोटड़ा की तबीयत पिछले तीन दिनों से खराब थी, लेकिन उन्हें अब इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जेल में बंद करीब पांच अन्य किसान साथियों की सेहत भी खराब होने की जानकारी उन्हें मिली है। उन्होंने प्रशासन से सभी बीमार किसानों को तुरंत अस्पताल लाकर इलाज करवाने की मांग की है। डल्लेवाल की सरकार-प्रशासन को चेतावनी डल्लेवाल ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जेल में बंद किसी भी किसान की सेहत को लेकर कोई गंभीर समस्या पैदा होती है तो इसकी जिम्मेदारी पंजाब सरकार, विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, मुख्यमंत्री पंजाब, डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी फरीदकोट और जेल प्रशासन की होगी। कोटड़ा को हथकड़ी लगाए जाने पर भी उठाए सवाल इस दौरान काका सिंह कोटड़ा को हथकड़ी लगाए जाने को लेकर भी जगजीत सिंह डल्लेवाल ने रोष जताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जो किसान अपनी मर्जी से जेल जा रहे हैं, वे भागने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि काका सिंह कोटड़ा को इतनी बड़ी हथकड़ी लगाने की क्या जरूरत थी और क्या वह कोई खतरनाक अपराधी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि किसान नेताओं के साथ इस तरह का व्यवहार करके उन्हें अपमानित किया जा रहा है।
Source link
फरीदकोट जेल में बिगड़ी किसान नेता की तबीयत:सांस लेने में परेशानी; अस्पताल में भर्ती कराया, डल्लेवाल बोले- अपराधियों जैसा व्यवहार कर रही सरकार
