![]()
कानपुर में सीएम ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों की बदहाली और जलभराव से परेशान व्यापारियों ने मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में व्यापारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और हाथ में कटोरा लेकर धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे तक व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण की अव्यवस्थाओं और जलनिकासी की समस्या पर नाराजगी जताई। व्यापारी नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। हालांकि नगर आयुक्त के मौके पर मौजूद न होने के कारण व्यापारियों ने कर निर्धारण अधिकारी सीपी सिंह को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याएं बताईं। व्यापारियों ने जल्द से जल्द सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। सीएम ग्रिड की सड़कें बदहाल भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि कानपुर में सीएम ग्रिड की सड़कें पूरी तरह से बदहाल हैं। 2 साल से काम पूरा नहीं हो पाया है। अब नवंबर तक काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जो स्थिति दिख रही है उससे लगता है कि नवंबर तक भी काम पूरा नहीं हो पाएगा। मार्बल मार्केट, यशोदा नगर, नवीन मार्केट समेत अन्य जगहों पर सड़कें पूरी तरह टूटी पड़ी हैं। इसके अलावा परेड, मूलगंज चौराहे, साकेत नगर में भी बुरा हाल है। पूरी तरह से कानपुर की स्थिति बदहाल है। जगह-जगह सड़कें टूटी हुई हैं और सड़कें चलने लायक नहीं है। 200 करोड़ का व्यापार प्रभावित होने की उम्मीद उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि कानपुर को जिस तरह से नरक बना दिया गया है, इसको स्वर्ग भी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि दीपावली आने वाली है, लेकिन सीएम ग्रिड की खराब सड़कों की वजह से करीब 200 करोड़ से ज्यादा प्रभावित होने वाला है। शहर भर में सीएम ग्रिड के काम के चलते सड़क लंबे समय से खुदी पड़ी हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से व्यापारियों और ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बारिश का पानी दुकानों और घरों तक में भर जाता है। जलभराव से व्यापारी परेशान उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान नालियों और जलनिकासी की व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके चलते बारिश होते ही पूरा इलाका जलभराव की चपेट में आ जाता है। पानी की निकासी नहीं होने से व्यापारी घंटों परेशान रहते हैं। ग्राहकों का बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि सीएम ग्रिड का काम विकास के लिए कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण की मौजूदा स्थिति ने कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क खुदी होने, गड्ढों और जलभराव के कारण दुकानों तक माल पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। कई बार दोपहिया और ई-रिक्शा समेत अन्य वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं। बारिश के दौरान सड़क और गड्ढों का अंतर भी दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। नगर निगम में दिया धरना ज्ञानेश मिश्रा के मुताबिक, व्यापारी इस समस्या को लेकर कई बार नगर आयुक्त, महापौर और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। अधिकारियों से लगातार समस्या का समाधान कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक हालात में सुधार नहीं हुआ। इसी से नाराज होकर व्यापारियों को नगर निगम में धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही मार्बल मार्केट समेत सीएम ग्रिड के तहत प्रभावित क्षेत्रों में सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर व्यापारियों और आम लोगों को लंबे समय तक परेशानी में नहीं रखा जा सकता। प्रदर्शन के दौरान एक्सप्रेस रोड व्यापार मंडल के अध्यक्ष रोशन गुप्ता, व्यापारी शिवप्रताप परिहार, अनुज त्रिपाठी, विजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, आशीष मिश्रा, केके गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
Source link
CM ग्रिड की सड़कें बनीं मुसीबत, व्यापारियों ने किया प्रदर्शन:नगर निगम में हाथ में कटोरा लेकर बोले- दुकानों और घरों में भर रहा पानी
