![]()
धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित कोयला नगर में चोरों ने एक बंद बीसीसीएल क्वार्टर को निशाना बनाकर लाखों रुपए की चोरी कर ली। क्वार्टर नंबर 135, बी-टाइप में हुई इस वारदात में चोर करीब 9 लाख रुपए नकद और 7 लाख रुपए से अधिक के सोने के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल रकम 16 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पीड़ित वासुदेव बैठा बीसीसीएल धनसार में इलेक्ट्रिकल फोरमैन के पद पर कार्यरत हैं। वह अपने परिवार के साथ निजी काम से पैतृक गांव गिरिडीह गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद क्वार्टर को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने के दौरान चोरों ने आसपास के घरों को भी अपनी योजना का हिस्सा बनाया। पड़ोस के घरों की बाहर से कुंडी लगा दी गई, ताकि वहां रहने वाले लोग बाहर न निकल सकें और चोरी की भनक किसी को न लगे। परिवार के वापस लौटने पर क्वार्टर में चोरी होने की जानकारी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बेटी की शादी के लिए जुटाए थे रुपए वासुदेव बैठा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी दिसंबर में होनी है। शादी की तैयारियों के लिए उन्होंने घर में करीब 9 लाख रुपए नकद रखे थे। इसके अलावा 7 लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने के गहने भी घर में रखे हुए थे। परिवार के पैतृक गांव जाने के दौरान चोरों ने इसी रकम और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर चोरी का पता चला तो परिवार के होश उड़ गए। चोरों ने पूरे घर को अस्त-व्यस्त करने के बजाय मुख्य रूप से तीन अलमारियों को निशाना बनाया। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर में रखे सामान और अलमारियों की जानकारी हो सकती थी या उन्होंने काफी सोच-समझकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने अलमारियों को खंगालने के बाद नकदी और सोने के गहने निकाले और मौके से फरार हो गए। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस चोरी की सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्वार्टर और आसपास के इलाके की स्थिति की जानकारी ली। वारदात में शामिल चोरों तक पहुंचने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान संदिग्ध लोग किस रास्ते से आए और चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए। पड़ोस के घरों की बाहर से कुंडी लगाए जाने के कारण पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वारदात को कितने लोगों ने मिलकर अंजाम दिया। चोरों ने केवल तीन अलमारियों को निशाना बनाया, इसलिए पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं किसी परिचित या अंदर की जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
Source link
बंद क्वार्टर में 16 लाख से ज्यादा की चोरी:धनबाद से 9 लाख कैश और 7 लाख के गहने चोरी, बेटी की शादी के लिए रखे थे
