Headlines

डंपिंग यार्ड के विरोध में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे:जिलाधिकारी से निर्माण रोकने की लगाई गुहार, कहा-कचरे से दुर्गंध और प्रदूषण फैलेगा




शेखपुरा के बरबीघा प्रखंड के दरियाचक गांव में प्रस्तावित डंपिंग यार्ड के निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी शेखर आनंद से मुलाकात कर डंपिंग यार्ड का निर्माण रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिस स्थान पर कचरा निस्तारण के लिए डंपिंग यार्ड बनाया जा रहा है, वह वर्षों से सार्वजनिक कार्यों, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद गतिविधियों और मृत व्यक्तियों के दफन के लिए उपयोग होता रहा है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि यह स्थल गांव जाने का मुख्य मार्ग है और इससे मात्र 10 फीट की दूरी पर ग्रामीण आबादी भी है। धीरज कुमार पासवान, राजपाल पासवान, कंचन कुमार, सुनीता देवी और इंद्रदेव पासवान सहित कई ग्रामीणों ने अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि डंपिंग यार्ड बनने से गंभीर समस्याएं उत्पन्न होंगी। कचरे से दुर्गंध और प्रदूषण फैलेगा, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। मच्छर, मक्खी और अन्य रोग फैलाने वाले जीवों की संख्या बढ़ने से संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा लगातार बना रहेगा। उन्होंने बताया कि इससे दफन स्थल (कब्रिस्तान) की पवित्रता और उपयोगिता भी प्रभावित होगी। ग्रामीणों के स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण में जीवन जीने के अधिकार पर भी नकारात्मक असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रस्तावित डंपिंग यार्ड भूमि का नक्शा भी उपलब्ध कराया। उन्होंने जिलाधिकारी से इस निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और डंपिंग यार्ड के लिए वैकल्पिक स्थल का चयन करने की गुहार लगाई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *