![]()
जींद के इरानी तालाब के पास मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब नगर निगम के कर्मचारी कूड़ा उठाने पहुंचे। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच महिला सफाईकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध जताया। उन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। महिला कर्मचारियों ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार हड़ताल कर रही हैं। लेकिन सरकार उनकी समस्याएं सुलझाने के बजाय दूसरे कर्मचारियों के जरिए शहर में कूड़ा उठवाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे सफाई कर्मचारियों के बीच जानबूझकर तनाव पैदा किया जा रहा है, ताकि उनका आंदोलन कमजोर हो और हड़ताल नाकाम हो जाए। महिला कर्मचारी बोली- उनका मकसद लोगों को परेशान करना नहीं महिला कर्मचारियों ने यह भी बताया कि उनका मकसद शहर के लोगों को परेशान करना नहीं है। उन्होंने सरकार से अपील की कि उनकी जायज मांगों को जल्द मानकर लागू किया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मांगें पूरी होते ही सफाई कर्मचारी खुद शहर की सफाई व्यवस्था संभाल लेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई का काम करने वाले कर्मचारी शहर की स्थिति को बेहतर तरीके से समझते हैं। अगर उन्हें काम पर लौटने का मौका दिया जाए, तो वे पूरी लगन से शहर को साफ रख सकते हैं। महिला कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान कर्मचारियों और नगर निगम की टीम के बीच विरोध जारी रहा। सरकार ने जारी नहीं किया लेटर वहीं दूसरी ओर, नरवाना में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने उनकी मांगें मान ली हैं, लेकिन अभी तक उन्हें लागू करने संबंधी कोई पत्र जारी नहीं किया गया है। सफाई कर्मचारी नरवाना इकाई के प्रधान बंटी बेदी ने बताया कि सरकार दूसरे लोगों से शहर में कूड़ा उठवा रही है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी चाहते हैं कि सरकार उनकी मांगों को जल्द पूरा करे। बंटी बेदी ने दावा किया कि कर्मचारी काम पर लौटते ही महज दो घंटे में शहर को साफ कर देंगे। वे नहीं चाहते कि शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी हो, लेकिन सरकार उनकी ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने साफ किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रहेगी। सरकार को 2 सितंबर तक का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों की ओर से जो भी फैसला लिया जाएगा, उसके अनुसार आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Source link
जींद में सफाईकर्मियों ने कूड़ा उठाने का विरोध किया:नगर निगम कर्मचारी पहुंचे तो भड़के, कहा- मांगें पूरी करो, हम खुद संभाल लेंगे सफाई व्यवस्था
