Headlines

मोगा में नशा व अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन:15 गिरफ्तार, 91 ग्राम हेरोइन, 748 नशीली गोलियां और 456 बोतल शराब मिली




मोगा पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और ‘पिंडों के पहरेदार’ अभियानों के तहत नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 26 अगस्त से 1 सितंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 10 मामले दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोगा के वरिष्ठ पुलिस कप्तान (SSP) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस एक सप्ताह की विशेष मुहिम के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 91 ग्राम हेरोइन, 748 नशीली गोलियां और चंडीगढ़ मार्का 456 बोतल अवैध शराब बरामद की है। ‘ड्रग हॉट स्पॉट’ पर छापेमारी और चोरी का वाहन बरामद एसएसपी के अनुसार, 26 अगस्त को सब-डिवीजन सिटी मोगा के चिह्नित ‘ड्रग हॉट स्पॉट्स’ पर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान तीन अलग-अलग मुकदमों में चार आरोपियों को 51 ग्राम हेरोइन और 171 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, थाना सिटी साउथ पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का एक्टिवा स्कूटर भी बरामद किया है। जन-जागरूकता और नशा मुक्ति पर जोर पुलिस केवल नशा तस्करों पर ही कार्रवाई नहीं कर रही, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सुधारात्मक कदम भी उठा रही है। अभियान के तहत पुलिस ने 5 व्यक्तियों को इलाज के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया है। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों के साथ विशेष बैठकें आयोजित कीं। पुलिस ने कोसा पांडे, जोगेवाला, कलीएवाला, कोरेवाला खुर्द, चिड़िक, झंडेवाला और सिंघांवाला सहित सात गांवों में जनसंपर्क कर युवाओं को खेल व स्वरोजगार से जुड़ने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशे की इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *