Headlines

बिलासपुर हिंसा…शांति के लिए 3 सितंबर को निकलेगा मार्च:खपरगंज पथराव के बाद शांति समिति का फैसला,सभी समाज के लोगों से शामिल होने की अपील




बिलासपुर के खपरगंज में रक्षाबंधन की रात हुए पथराव और हिंसा के बाद अब हालात सामान्य हो गए हैं। जिंदगी पटरी पर लौट आई है। शहर में हमेशा शांति बनी रहे, इसके लिए शांति समिति ने 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का फैसला किया है। बिलासपुर में शांति और भाईचारा मजबूत करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक हुई। इसमें सभी समाज के लोगों ने कहा कि शांति और भाईचारा बिलासपुर की पहचान है। इसे बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। बैठक में अलग-अलग समाज और समुदाय के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। शहर में शांति बनाए रखने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की गई। बैठक में तय हुआ कि 3 सितंबर की शाम 4 बजे नेहरू चौक से शांति मार्च निकलेगा। यह मार्च शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए गांधी चौक पर खत्म होगा। सभी समाज और समुदाय के लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होकर शांति और भाईचारे का संदेश देने की अपील की गई है। कलेक्टर ने कहा कि बिलासपुर की पहचान शांति और भाईचारे से है। मौजूदा हालात में सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे संयम रखें और शहर के शांतिपूर्ण माहौल को मजबूत करने में मदद करें। उन्होंने लोगों से किसी भी अफवाह या गलत जानकारी पर भरोसा न करने और उसे आगे न फैलाने की अपील की। कलेक्टर ने यह भी कहा कि प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्थिति सामान्य बनाने एसएसपी ने जताया आभार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में अब शांति लौट आई है और स्थिति सामान्य है। इसे बनाए रखने में नागरिकों और मीडिया ने महती भूमिका निभाई है।
उन्होंने सभी नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू हो रहा है और शहर में विभिन्न आयोजन होंगे। ऐसे आयोजनों में शांति एवं अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। अफवाह, भ्रामक सूचना.. तत्काल पुलिस को बताएं किसी भी आयोजन में नशे की हालत में अथवा हथियार लेकर आने वाले व्यक्ति को शामिल नहीं किया जाए। आयोजकों से भी उन्होंने इस संबंध में विशेष सतर्कता बरतने का आह्वान किया। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। शांति, सौहार्द का दिलाया भरोसा बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। समिति के सदस्यों ने हालिया परिस्थितियों को बेहतर ढंग से संभालने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं एसएसपी रजनेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में एडीएम शिवकुमार बनर्जी, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एसडीएम मनीष साहू सहित शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाजों एवं संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *