![]()
बेमेतरा के ग्राम पंचायत तुमा के शासकीय हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य मनोज बंजारे पर नशे की हालत में स्कूल आने का आरोप है। इस मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच परमेश्वर साहू और सचिव रामकुमार चतुर्वेदी ने कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं से शिकायत की है। उन्होंने जांच और कार्रवाई की मांग की है। सरपंच परमेश्वर साहू का आरोप है कि प्राचार्य मनोज बंजारे अक्सर नशे की हालत में स्कूल पहुंचते हैं। ग्रामीणों और विद्यार्थियों से भी उनके व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पंचायत प्रतिनिधियों का दावा है कि एक बार प्राचार्य को नशे की हालत में मौके पर पकड़ा गया था, जिसका वीडियो भी उनके पास मौजूद है। प्राचार्य के व्यवहार से स्कूल का माहौल खराब सरपंच के मुताबिक, ग्रामीणों और पालकों ने कई बार प्राचार्य को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि प्राचार्य के इस व्यवहार से स्कूल का अनुशासन और पढ़ाई का माहौल खराब हो रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। परमेश्वर साहू ने बताया कि इस संबंध में पहले शिक्षा विभाग में भी शिकायत की गई थी। अब कलेक्टर से शिकायत की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण स्कूल में तालाबंदी करने पर मजबूर होंगे। मामले में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा शिक्षक के आचरण और नशे की हालत में स्कूल में रहने की शिकायत मिली है। उन्होंने मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बेमेतरा में प्राचार्य पर नशे में स्कूल आने का आरोप:पंचायत ने कलेक्टर से की शिकायत, कहा- नहीं सुधरे तो करेंगे तालाबंदी, जांच के आदेश
