![]()
मोगा जिले के बाघा पुराना निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर उसके साथ बुरी तरह मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता संगीता रानी के अनुसार, ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इस मामले में बाघा पुराना पुलिस द्वारा जांच के बाद पीड़िता की शिकायत पर उसके पति गुरप्रीत सिंह निवासी पंडोरी फंगूड़ियां, बल्लोवाल, होशियारपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिला पुलिस प्रमुख मोगा को दिए शिकायत पत्र में संगीता ने बताया कि उसका विवाह 29 सितंबर 2023 को गुरप्रीत सिंह के साथ हुआ था। विवाह पर उसके माता-पिता ने करीब 23 से 25 लाख रुपए खर्च किए थे। इसके अलावा ससुरालियों के कहने पर उन्हें सोने के आभूषण और अन्य सामान भी दिया गया था। शादी में दिए गए दहेज से खुश नहीं थे ससुराली महिला का आरोप है कि इसके बावजूद उसका पति और ससुराल परिवार के सदस्य दहेज से खुश नहीं थे। वे उसे ताने देते थे कि उसने आसपास और रिश्तेदारों में उनकी बेइज्जती करवा दी है। इसके बाद वे उसे मायके से और दहेज तथा कार लाने के लिए परेशान करने लगे। उसने इस संबंध में अपने माता-पिता को जानकारी दी। माता-पिता ने उसके पति और ससुराल के सदस्यों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कोई बात नहीं मानी। संगीता रानी ने आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की नीयत से उसके कमरे में आग लगा दी गई, लेकिन वह किसी तरह बच गई। उसने घटना की वीडियो भी बनाई थी, लेकिन ससुराल वालों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके अलावा उसने आरोप लगाया कि उसे जहरीली गोलियां देकर मारने का प्रयास भी किया गया। मारपीट कर घर से बाहर निकालने का आरोप पीड़िता के अनुसार, आखिरकार तड़के करीब 5 बजे उसके साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया और उसका दहेज का सारा सामान ससुराल परिवार ने अपने पास रख लिया। वह किसी तरह अपने मायके बाघा पुराना पहुंची और इसके बाद जिला पुलिस प्रमुख मोगा को शिकायत दी। इसी दौरान उसका पति गुरप्रीत सिंह विदेश चला गया। मामले की जांच एसपी (एच) द्वारा की गई। जांच के दौरान दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया। पीड़िता के अनुसार, उसके ससुराल परिवार के सदस्य भी जांच के दौरान पहुंचे और उसे धमकियां देने लगे। जांच के बाद पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाने पर कानूनी राय लेने के बाद थाना बाघा पुराना में विभिन्न धाराओं के तहत उसके पति गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि मामले की आगे की जांच सहायक थानेदार हरजीत सिंह द्वारा की जा रही है।
Source link
मोगा की बेटी को मारपीट कर घर से निकाला:तीन साल पहले हुई शादी, कमरे में आग लगाई, जहर देने की कोशिश, पति विदेश गया
