![]()
हजारीबाग के ईचाक प्रखंड के बोंगा गांव निवासी 19 वर्षीय टिंकू कुमार का शव शिवानी नदी से करीब 22 घंटे बाद बरामद किया गया। रांची से पहुंची राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने कई घंटों तक नदी में तलाशी अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, पूरे गांव में मातम का माहौल रहा। जानकारी के अनुसार, बुधवार को टिंकू अपने दो दोस्तों के साथ शिवानी नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी की तेज धार में बह गया। स्थानीय गोताखोरों और जेसीबी से भी हुई तलाश घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण युवक की तलाश में जुट गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लगातार खोजबीन की गई। इसके अलावा जेसीबी की सहायता से नदी के आसपास और उन स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया, जहां युवक के फंसे होने की संभावना थी। काफी प्रयास के बाद भी जब टिंकू का पता नहीं चला तो प्रशासन ने रांची से एनडीआरएफ की टीम बुलाने का निर्णय लिया। एनडीआरएफ को मिली सफलता एनडीआरएफ की टीम ने नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए विशेष उपकरणों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। टीम के जवानों ने कई घंटे तक नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन की। करीब 22 घंटे के अभियान के बाद टिंकू का शव नदी से बरामद कर लिया गया। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने की तैयारी की गई। परिजनों को मुआवजा देने की मांग शव मिलने की खबर के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन बेहद दुखी थे और गांव में शोक की स्थिति रही। घटना के बाद ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा और सरकारी सहायता देने की मांग की है। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बटेश्वर मेहता ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Source link
22 घंटे बाद शिवानी नदी से मिला शव:हजारीबाग के ईचाक में NDRF ने बरामद किया, रांची से पहुंची टीम ने चलाया अभियान
