![]()
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ के रूप में आगे बढ़ाने में दिल्ली नगर निगम की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। बुनियादी विकास, स्वच्छता, कूड़ा निस्तारण और पर्यावरण सुधार के साथ प्राथमिक शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर निगम को विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप सामूहिक प्रयास से दिल्ली को विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बनाना है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में एमसीडी की विशेष एवं तदर्थ समितियों के नवनियुक्त अध्यक्षों और उपाध्यक्षों से मुलाकात के दौरान यह बात कही। बैठक का नेतृत्व महापौर प्रवेश वाही ने किया। उप महापौर मोनिका पंत और नेता सदन जयभगवान यादव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने निगम पदाधिकारियों से दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और विकसित बनाने के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया। उन्होंने दिल्ली को कूड़ा-मुक्त बनाने को निगम की प्रमुख प्राथमिकता में शामिल करने पर जोर दिया। कहा कि प्रभावी कूड़ा निस्तारण और स्वच्छ सार्वजनिक स्थान राजधानी की छवि के साथ-साथ नागरिकों के बेहतर जीवन और स्वस्थ वातावरण के लिए भी जरूरी हैं। उन्होंने पर्यावरण प्रबंधन में निगम की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर भी जोर दिया। निगम विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करने को कहा। निगम को वित्तीय परेशानी नहीं होने देंगे मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम की कार्यप्रणाली का सीधा असर नागरिकों के दैनिक जीवन पर पड़ता है। इसलिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और बुनियादी सुविधाओं में परिणाम देने वाली कार्यप्रणाली जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम को वित्तीय परेशानी नहीं होने दी जाएगी। बैठक में शिक्षा, पर्यावरण प्रबंधन, चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य, सामुदायिक सेवा, महिला कल्याण एवं बाल विकास, वर्क्स, बागवानी, लाइसेंसिंग एवं तहबाजारी और संपत्ति कर समेत विभिन्न समितियों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष मौजूद रहे।
Source link
दिल्ली में एमसीडी अधिकारियों के साथ सीएम की मुलाकात:विकसित दिल्ली’ के लिए नगरनिगम को निभानी होगी अहम भूमिका: रेखा गुप्ता
