![]()
बिलासपुर की भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सहायता राशि जुटाएगी। अभियान की शुरुआत 9 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय से होगी। कलेक्टर और रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल सदस्यों के साथ खुद भी इसमें राशि देंगे। इसके लिए शहर में 10 दल बनाए गए हैं, जो प्रमुख स्थानों पर जाकर लोगों से सहयोग राशि जुटाएंगे। जमा रकम भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी। यह निर्णय नूतन चौक, सरकंडा स्थित रेडक्रॉस कार्यालय में हुई प्रबंध समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर संजय अग्रवाल ने की। सदस्यता अभियान भी तेज होगा बैठक में सितंबर के अंत तक रेडक्रॉस के 25 संरक्षक सदस्य, 50 उप संरक्षक सदस्य और 500 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया। फैसले के अनुसार प्रबंध समिति के सभी सदस्य संरक्षक सदस्य बनेंगे। प्रत्येक समिति सदस्य को 20-20 आजीवन सदस्य बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खुद 25 हजार रुपए देकर संरक्षक सदस्य बनने की घोषणा की। इसके अलावा प्रत्येक विभाग में 10-10 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अपोलो चौक पर खुलेगी नई मेडिकल शॉप रेडक्रॉस की ओर से लिंगियाडीह के अपोलो चौक पर नई मेडिकल शॉप खोलने का फैसला हुआ है। इसे 25 सितंबर से पहले शुरू करने की तैयारी है। वहीं खपरगंज स्थित रेडक्रॉस दुकान से जुड़े मामले के समाधान की जिम्मेदारी कलेक्टर और अध्यक्ष की मंजूरी से सुनील सोन्थलिया और सुरेंद्र गुम्बर को दी गई है। कॉलेजों में लगेंगे रक्तदान शिविर बैठक में जिले के सभी कॉलेजों में रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को रक्तदान से जोड़ना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बढ़ाना है। बैठक में रेडक्रॉस प्रबंध समिति के चेयरमैन डॉ. बी.एल. गोयल, डॉ. शुभा गरेवाल, प्रमोद शर्मा, अमरजीत सिंह दुआ, बृजेंद्र शुक्ला, डॉ. एम.ए. जीवानी, डॉ. राजीव अवस्थी, श्रीकांत सहारे और जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Source link
नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए चंदा जुटाएगी बिलासपुर रेडक्रॉस:9 सितंबर से अभियान,कलेक्टर खुद देंगे 25 हजार रुपए,शहर में बनाए जाएंगे 10 दल
