![]()
मैनावती मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व बेहद उमंग और अलौकिक अंदाज में संपन्न हुआ। शुक्रवार को शहर में हुई तेज बारिश और खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। दिनभर में 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हरे कृष्ण महामंत्र की गूंज के बीच भगवान श्री श्री राधा माधव के दिव्य दर्शन किए। सिंगापुर और थाईलैंड से आए दुर्लभ फूलों से सजे मंदिर प्रांगण को देखकर भक्तों को साक्षात ‘मिनी वृंदावन’ की अनुभूति हुई। जन्माष्टमी के इस खास मौके पर भगवान श्री श्री राधा माधव को 5 लाख रुपए की विशेष रत्नजड़ित पोशाक पहनाई गई, जिसे वृंदावन में विदेशी कारीगरों ने तैयार किया था। कुशीनगर से आई श्रद्धालु रितिका राय और बलिया से पहुंचीं रिया ने बताया कि इस अलौकिक पोशाक में राधा-कृष्ण की जोड़ी इतनी सुंदर लग रही थी कि भक्तों ने अपने मोबाइल में उनकी तस्वीरें कैद कीं। रंग-बिरंगी पोशाक पहने छोटी बच्चियां भी राधा नाम संकीर्तन पर नृत्य करती नजर आईं। कालिया नाग तालाब बनी आकर्षण का केंद्र इस्कॉन परिसर को सजाने के लिए सिंगापुर, थाईलैंड, गोवा और बेंगलुरु से विशेष ऑर्किड और दुर्लभ फूल मंगाए गए थे। मंदिर प्रांगण में कालिया नाग तालाब, गौशाला और उपवनों को सुंदर झांकियों व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। ऐसा लग रहा था मानो ब्रज के वनों का विस्तार कानपुर में ही हो गया हो। 108 चांदी के कलशों से महाअभिषेक उत्सव की शुरुआत तड़के 4:30 बजे मंगल आरती से हुई। इसके बाद मुंबई से आए सुदामा प्रभुजी ने श्रीमद्भागवत कथा सत्र में कान्हा के जन्म की मनमोहक लीलाएं सुनाईं। रात 8 बजे से 108 चांदी के कलशों द्वारा भगवान का भव्यतम अभिषेक शुरू हुआ। मध्यरात्रि ठीक 12 बजे बृहद मृदंग, करताल और शंखनाद के बीच महाआरती संपन्न हुई। इस दौरान बाल गोपाल को 1008 पकवानों का महाभोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। शनिवार को मनेगा श्रील प्रभुपाद का 130वां प्राकट्य महोत्सव
मंदिर अध्यक्ष प्रेम हरिनाम प्रभु जी ने मंदिर पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का स्वागत और आभार जताया। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी का यह चार दिवसीय महोत्सव (3 से 6 सितंबर) जारी रहेगा। शनिवार को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद का 130वां प्राकट्य महोत्सव (व्यास पूजा) धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें विशेष नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
Source link
कानपुर में थाईलैंड के फूलों से सजा इस्कॉन मंदिर:ठाकुर जी को पहनाई 5 लाख की पोशाक, कैमरे में कैद की राधा-कृष्ण की तस्वीर
