![]()
दुनियाभर में छह दशकों तक अनेक सीईओ और निदेशक मंडलों को परामर्श देने के दौरान मैंने व्यवसायों को सफल होते भी देखा है और असफल होते भी। इनके बीच का अंतर शायद ही कभी केवल संसाधनों, टेक्नोलॉजी या प्रतिभा का होता है। वास्तविक अंतर स्पष्टता का है। जो लीडर लंबे समय तक टिकने वाले बिजनेस खड़े करते हैं, वे बार-बार तीन बुनियादी प्रश्नों पर लौटते हैं। एक बार नहीं, किसी वार्षिक समीक्षा के दौरान नहीं, बल्कि लगातार। ये प्रश्न कोई चेकलिस्ट नहीं हैं। लेकिन वे हमें एक दिशा जरूर देते हैं। पहला प्रश्न : क्या कस्टमर को हमारी बनाई चीज की आवश्यकता है? यह बिजनेस का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है। और शुरुआती सफलता मिलने के बाद अधिकांश लीडर्स यह प्रश्न पूछना बंद कर देते हैं। बाजार बदल जाते हैं। ग्राहकों की जरूरतें इवॉल्व होती रहती हैं। जो पांच वर्ष पहले प्रासंगिक था, वह आज प्रासंगिक हो भी सकता है और नहीं भी। स्टीव जॉब्स ने इसे लगभग सभी लोगों से बेहतर समझा था। उन्होंने केवल ग्राहकों की मांग पर प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने ग्राहकों को स्वयं अपनी जरूरत का एहसास होने से पहले ही उसका अनुमान लगा लिया। आईफोन किसी कस्टमर-सर्वे का परिणाम नहीं था। वह ग्राहकों के जीवन और उसकी दिशा को समझने के प्रति एक अटूट जुनून का परिणाम था। ईमानदारी से स्वयं से पूछिए : जो हम बना रहे हैं, क्या उसकी आज भी वास्तव में जरूरत है? या हम वही बना रहे हैं, जो हमेशा से बनाते आए हैं, और उम्मीद कर रहे हैं कि बाजार वैसा ही बना रहेगा?
दूसरा प्रश्न : क्या ग्राहक प्रतिस्पर्धियों की तुलना में हमें प्राथमिकता देता है? ग्राहकों की जरूरत की कोई चीज बनाना ही काफी नहीं। उन्हें आपको प्राथमिकता भी देनी चाहिए। यह प्रश्न कीमत या गुणवत्ता से आगे जाता है। यह पूछता है : कुछ ग्राहक हमें क्यों चुनते हैं, जबकि दूसरे नहीं? हम उन्हें ऐसा क्या देते हैं, जो कोई और नहीं देता? हम कहां पीछे रह जाते हैं और क्यों? बहुत सारे लीडर्स ग्राहक की निष्ठा को स्वाभाविक मान लेते हैं। वे मानकर चलते हैं कि यदि कोई ग्राहक एक बार उनके पास आया है, तो दोबारा भी आएगा। आज की दुनिया में जहां विकल्प सिर्फ एक क्लिक की दूरी पर हैं, वहां पर यह धारणा खतरनाक है।
ग्राहक की प्राथमिकता के कारण को समझिए। उसी आधार को मजबूत कीजिए। और जहां ग्राहक आपको प्राथमिकता नहीं देता, वहां ईमानदारी और साहस के साथ यह जानिए कि ऐसा क्यों है। यह जानकारी किसी भी मार्केट रिसर्च रिपोर्ट से अधिक मूल्यवान होती है। तीसरा प्रश्न : क्या हमारा बिजनेस मॉडल इनोवेशन और ग्रोथ का समर्थन करता है? भले ही आज आप वही बना रहे हों जिसकी ग्राहकों को जरूरत है और वे आपको प्राथमिकता भी दे रहे हों, लेकिन सवाल कल के बारे में है। जो बिजनेस मॉडल अतीत में आपके लिए प्रभावी रहा हो, वही भविष्य में आपकी प्रगति की सीमा भी बन सकता है। क्या आपका मॉडल इनोवेशन के लिए संसाधन उपलब्ध करा सकता है? क्या वह सही लोगों को आकर्षित कर सकता है? क्या वह परिस्थितियां बदलने पर स्वयं को ढाल सकता है? स्टीव जॉब्स ने कहा था : शुरुआत ग्राहक के अनुभव से कीजिए और फिर वहां से टेक्नोलॉजी तक जाइए, इसका उलटा नहीं। यह नजरिया आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। एआई के युग में वही कंपनियां सफल हो रही हैं, जिन्होंने टेक्नोलॉजी से शुरुआत करके ग्राहकों की तलाश नहीं की। बल्कि जिन्होंने पहले ग्राहकों की जरूरतों को गहराई से समझा और फिर टेक्नोलॉजी का उपयोग करके उन्हें दूसरों से बेहतर ढंग से पूरा किया। इन तीनों प्रश्नों में तभी शक्ति होती है, जब आप इन्हें अपने संगठन पर पूरी स्पष्टता और ईमानदारी के साथ लागू करते हैं। क्या आप अपने ग्राहकों की बदलती जरूरतों को पूरा कर रहे हैं? या अब भी कल की समस्या का समाधान कर रहे हैं? क्या भीड़भाड़ वाले बाजार में ग्राहक आपको अपनी पहली पसंद मानते हैं? या आप ऐसी निष्ठा को स्वाभाविक मान बैठे हैं, जो शायद मौजूद ही नहीं है? क्या आपका बिजनेस मॉडल भविष्य की ग्रोथ और इनोवेशन के अनुरूप है? या वह धीरे-धीरे आपकी प्रगति में बाधा बनता जा रहा है? इन प्रश्नों के एक बार जवाब देकर आगे मत बढ़ जाइए। हर तीन महीने में इन पर फिर से लौटिए। अपने बोर्ड के साथ इन पर चर्चा कीजिए। टीम के साथ इन पर बहस कीजिए। जिस क्षण कोई लीडर ये प्रश्न पूछना बंद कर देता है, उसी क्षण उसका बिजनेस दिशा से भटकना शुरू कर देता है। क्या कस्टमर को हमारी बनाई चीज की आवश्यकता है? यह बिजनेस का सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है। बाजार बदल जाते हैं। ग्राहकों की जरूरतें इवॉल्व होती रहती हैं। जो पांच वर्ष पहले प्रासंगिक था, जरूरी नहीं वह आज भी प्रासंगिक हो।
(ये लेखक के अपने विचार हैं)
Source link
डॉ. राम चरण का कॉलम:वो तीन सवाल, जो हर बिजनेस लीडर को बार-बार पूछने चाहिए
