Headlines

गंगा में डूबे युवक का शव 24 घंटे बाद मिला:बक्सर में एसडीआरएफ ने चलाया सर्च ऑपरेशन,पशुओं को लेकर बांध के पास गया था




बक्सर के चक्की प्रखंड के परानपुर गांव के पास शुक्रवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान 22 वर्षीय युवक तेज धार में बहकर लापता हो गया। करीब 24 घंटे तक चले एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों के सर्च ऑपरेशन के बाद शनिवार को उसका शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान भोला डेरा गांव निवासी हरिगोविंद व्यास के पुत्र उमाशंकर यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उमाशंकर शुक्रवार सुबह पशुओं को लेकर परानपुर बांध के पास गया था। इसी दौरान वह गंगा में नहाने के लिए उतरा। नदी का जलस्तर बढ़ा होने के साथ बहाव भी काफी तेज था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और तेज धार में बहकर लापता हो गया। ग्रामीणों ने बचाने की कोशिश की, नहीं मिली सफलता युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहरे पानी के कारण सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों और स्थानीय प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई गई। अंधेरा होने पर रोकना पड़ा सर्च ऑपरेशन एसडीआरएफ और गोताखोरों ने शुक्रवार को कई घंटे तक गंगा में युवक की तलाश की। हालांकि, तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण शाम में अभियान रोकना पड़ा। युवक का पता नहीं चलने से परिजन पूरी रात उसके मिलने की उम्मीद लगाए रहे। शनिवार सुबह फिर शुरू हुई तलाश शनिवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में अलग-अलग स्थानों पर तलाश की। करीब 24 घंटे बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन ने गंगा के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए लोगों से नदी में जाने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *