![]()
पठानकोट में हलका भोआ के बमयाल क्षेत्र के गांव रतड़वा में भारी और ओवरलोडेड ट्रकों की आवाजाही से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सड़क की खराब हालत और भारी वाहनों से हो रहे नुकसान के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर ट्रकों को रोक दिया और उनका आवागमन बंद करवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की पुरानी संपर्क सड़क भारी वाहनों का वजन सहन करने की स्थिति में नहीं है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में ओवरलोडेड ट्रक इस रास्ते से गुजर रहे हैं। लगातार आवाजाही के कारण सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं और पुलियों को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने बताया कि भारी वाहनों के कारण सड़क किनारे बिछी पीने के पानी की पाइपलाइनें भी क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इससे गांव के लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कई भारी और ओवरलोडेड ट्रकों को रोककर अपना विरोध जताया। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग से रतड़वा की सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क, पुलियों और पानी की पाइपलाइनों की जल्द मरम्मत नहीं हुई तो वे आने वाले दिनों में आंदोलन तेज करेंगे।
Source link
पठानकोट के रतड़वा में ओवरलोडेड ट्रकों से ग्रामीण भड़के:सड़क पर उतरे; ट्रकों की आवाजाही रोकी, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
