Headlines

सिक्योरिटी व्यवस्था पर स्टूडेंट्स ने उठाए सवाल:पीयू बॉयज हॉस्टल में चोरी करने घुसा युवक, स्टूडेंट्स ने पकड़ा




पंजाब यूनिवर्सिटी के बॉयज हॉस्टल-5 में कमरे का ताला खोलकर चोरी करने घुसे एक बाहरी युवक को छात्रों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी कमरे से 10 हजार रुपए कैश चोरी करने का प्रयास कर रहा था। स्टूडेंट्स ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसकी पहचान रोहन के रूप में हुई है। हॉस्टल में रहने वाला छात्र शुक्रवार को अपने कमरे में ताला लगाकर किसी काम से बाहर गया था। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर एक अज्ञात युवक अलमारी और कमरे में रखे अन्य सामान के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। छात्र ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के कमरों में रहने वाले अन्य स्टूडेंट्स भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर युवक को दबोच लिया और इसकी सूचना पीयू प्रशासन व पुलिस को दी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी हॉस्टल में प्रवेश करने के बाद किसी कमरे से दूसरी चाबी लेकर आया था। इसी चाबी से उसने छात्र के कमरे का ताला खोला और चोरी करने के इरादे से अंदर घुसा। हॉस्टल में बाहरी युवक के इस तरह प्रवेश कर कमरे का ताला खोलने और चोरी का प्रयास करने की घटना से कैंपस की सिक्योरिटी व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में बाहरी लोगों की एंट्री पर निगरानी और सख्त करने की जरूरत है। उनका कहना है कि गेट पर आने-जाने वालों की चेकिंग के साथ-साथ विजिटर रिकॉर्ड को भी गंभीरता से मेंटेन किया जाना चाहिए। छात्रों ने हॉस्टल में सिक्योरिटी गार्ड की निगरानी बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *