![]()
कटनी जिले के रीठी थाना इलाके के काटौलिया गांव में एक फाइनेंस कंपनी के एजेंटों पर मनमानी का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि टीवीएस फाइनेंस कंपनी के एजेंट उनकी मोटरसाइकिलें बिना किसी जानकारी या कानूनी प्रक्रिया के उठा ले गए। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को रीठी थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की और एजेंटों पर कार्रवाई की मांग की। देवगांव की गीता बाई आदिवासी समेत करीब पांच और पीड़ितों ने बताया कि वे मजदूरी करके गुजारा करते हैं। 7 से 8 महीने पहले उन्होंने टीवीएस कंपनी से मोटरसाइकिलें फाइनेंस पर ली थीं। उनका आरोप है कि शनिवार को जब वे घर पर नहीं थे, तब कंपनी के एजेंट आए और परिवार को बिना बताए गाड़ियां उठा ले गए। ग्रामीणों का कहना है कि अगर किस्तें बाकी भी थीं, तो कंपनी को पहले नोटिस देना चाहिए था। इस तरह बिना बताए गाड़ी ले जाना गलत है। कांग्रेस नेता के साथ पहुंचे थाने स्थानीय कांग्रेस नेता मुकेश यादव पीड़ितों के साथ खड़े हुए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ रीठी थाने पहुंचकर थाना प्रभारी शाहिद खान को एक ज्ञापन दिया। मुकेश यादव ने कहा कि इलाके के गरीब और आदिवासी मजदूरों के साथ लगातार ऐसा अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रिकवरी के नाम पर नियमों को ताक पर रखकर गाड़ियां उठाना सरासर गलत है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि इसमें शामिल एजेंटों और फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों पर चोरी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाए। थाना प्रभारी शाहिद खान ने ज्ञापन लिया और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों के हिसाब से उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फाइनेंस कंपनी पर बिना बताए बाइक उठाने का आरोप:ग्रामीणों ने रीठी थाने में की शिकायत, बोले- किस्तें बाकी होने पर पहले नोटिस देना था
