Headlines

हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत:चंदौली में हैंडपंप की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा, 3 मजदूर घायल




चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के प्रीतमपुर गांव में रविवार को एक हादसा हो गया। हैंडपंप की मरम्मत के दौरान हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने एक घायल की हालत गंभीर देखकर उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बाकी दो मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रीतमपुर गांव में हैंडपंप खराब था। मजदूर पिंटू अपने सहयोगी दिल मोहम्मद और हैंडपंप मालिक रामकृष्ण मौर्य व उनके बेटे रमेश के साथ पाइप निकाल रहे थे। इसी दौरान पाइप ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तार से छू गया।
तार के संपर्क में आते ही चारों लोग करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह सभी को तार से अलग किया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान पिंटू को मृत घोषित कर दिया। रामकृष्ण की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। दिल मोहम्मद और रमेश का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गुस्सा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी वाले इलाके से गुजर रहे हाई टेंशन तार को हटाने के लिए कई बार विभाग से शिकायत की गई थी। लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि हाई टेंशन तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *