![]()
सोन जिले की बद्दी पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महादेव क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दबिश देकर अवैध खनन में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी और 2 टिप्पर जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी बद्दी विनोद धीमान के निर्देश पर अवैध खनन रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार देर रात थाना नालागढ़ के तहत पुलिस चौकी दभोटा की टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि महादेव स्थित फौजी ढाबा के पीछे खड्ड में अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि, खनन में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी और 2 टिप्पर मौके पर ही मिले, जिन्हें पुलिस ने जांच के बाद जब्त कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि जब्त की गई जेसीबी और एक टिप्पर पंजाब के जिला रूपनगर के गांव माजरी गुजरां, नंगल सिरसा निवासी लखवीर सिंह पुत्र गुरमीत सिंह के नाम पंजीकृत हैं। वहीं, दूसरा टिप्पर नालागढ़ उपमंडल के गांव नंगल ढक्का डाकघर खिल्लियां निवासी भीम सिंह पुत्र तारा चंद के नाम पंजीकृत पाया गया। प्राकृतिक संसाधनों को पहुंच रहा नुकसान एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि अवैध खनन से प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ नदियों और खड्डों का स्वरूप भी बिगड़ता है। इसे रोकने के लिए जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। फरार आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध खनन में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा खनन कार्य कब से चल रहा था। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करेगी।
Source link
नालागढ़ की खड्ड में अवैध माइनिंग पर पुलिस की रेड:एक जेसीबी-2 टिप्पर किए जब्त; एसपी बोले-रेत माफिया के खिलाफ चलेगा अभियान
