![]()
सिरोही जिले में वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए उदयपुर जाने वाले अभ्यर्थियों को बसों की समुचित व्यवस्था न मिलने से आक्रोश फैल गया। बस स्टैंड पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने एक अभ्यर्थी को हिरासत में ले लिया। शनिवार देर शाम सिरोही बस स्टैंड पर उदयपुर जाने वाले छात्रों को बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। शाम करीब 6 बजे केवल एक बस उदयपुर के लिए रवाना हुई, जिससे अभ्यर्थियों में गुस्सा बढ़ गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस बस स्टैंड पहुंची, जहां कुछ अभ्यर्थियों ने पुलिस से बहस की। इसी दौरान पुलिस ने एक अभ्यर्थी को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया और कोतवाली ले गई। शिक्षा विभाग द्वारा वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा का आयोजन 12 से 17 जुलाई तक किया जा रहा है। सिरोही जिला मुख्यालय पर जिला प्रशासन ने परीक्षा के लिए व्यवस्थाएं की हैं, जिनकी जिम्मेदारी प्रकाश कुमार संभाल रहे हैं। जिले में पहले दिन 12 जुलाई को 3090 अभ्यर्थी परीक्षा देने आएंगे। अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित होंगी। बस स्टैंड पर मौजूद अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने राज्य मंत्री ओटाराम देवासी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इस संबंध में राज्य मंत्री देवासी ने बताया कि वे दिल्ली में हैं और उनसे किसी की कोई बातचीत नहीं हुई है।
Source link
टीचर भर्ती परीक्षा, बस नहीं मिलने से अभ्यर्थी आक्रोशित:पुलिस ने एक छात्र को लिया हिरासत में, उदयपुर जाने वाले परीक्षार्थी परेशान
