Headlines

भूपेश बघेल बोले- भाजपा वाले काले अंग्रेज:CM के बयान पर पलटवार, कहा- हंटर वाली से हाफ पैंट वाले तक प्रभारी बदले




पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पंजाब प्रभारी के पद से हटाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजों की तरह फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है। पंजाब में भी गुटबाजी हुई। इस पर पलटवार करते हुए भूपेश बघेल ने कहा है कि भाजपा वाले ‘काले अंग्रेज’ हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने अंग्रेजों से ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति सीखी है। वे समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू-मुसलमान के नाम पर लोगों को बांटने की कोशिश करती है। इसी तरह आदिवासी समाज को भी अलग-अलग पहचान के नाम पर बांटने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभार बदले जाने पर उन्होंने कहा कि ‘क्या भाजपा में प्रभारी नहीं बदले जाते? हंटर वाली से लेकर हाफ पैंट-चड्ढी वाले तक प्रभारी बने।’ दरअसल, दुर्ग में कांग्रेस का 3 दिवसीय संगठन प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इस दौरान भूपेश बघेल ने ये बातें कहीं। इसके अलावा पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नाथूराम गोडसे को मानने वाली और अंग्रेजों से माफी मांगने वाली पार्टी है। अंग्रेज ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाते थे और भाजपा भी इसी नीति पर काम कर रही है। कांग्रेस का काम देश को जोड़ना है। सीएम साय बोले- अंग्रेजों की तरह नीति अपनाती है कांग्रेस भूपेश बघेल का प्रभार बदले जाने पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की नीति पर चलती है। अंग्रेज ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाते थे, कांग्रेस के लोग भी जहां जाते हैं, गुटबाजी करते हैं। भूपेश बघेल पंजाब के प्रभारी थे, वहां उनका विरोध हुआ, गो बैक के नारे लगाए गए। इसी का नतीजा रहा कि उन्हें पंजाब से हटाया गया।
भूपेश बोले- भाजपा ने ‘फूट डालो और राज करो’ नीति अंग्रेजों से सीखी भूपेश बघेल ने सीएम साय के बयान पर जवाब देते हुए कहा है कि भाजपा के पास कुछ बचा नहीं है। उन्होंने भाजपा नेताओं के लिए काले अंग्रेज शब्द का इस्तेमाल किया और कहा कि फूट डालो और राज करो की नीति भाजपा ने अंग्रेजों से सीखी है। हंटर वाली से लेकर चड्ढी बनियान वाले तक बने प्रभारी- भूपेश बघेल ने कांग्रेस में बार-बार प्रभारी बदले जाने के आरोपों का जवाब देते हुए भाजपा पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि क्या भाजपा में प्रभारी नहीं बदले जाते? भाजपा में भी कई बार प्रभारी बदले जा चुके हैं। बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में कभी हंटर वाले, कभी धोती वाले और कभी हाफ पैंट-चड्ढी वाले आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतने लोग बदल चुके हैं कि पता ही नहीं चलता कि कौन टिक रहा है। बघेल ने भाजपा को सलाह दी कि कांग्रेस पर सवाल उठाने से पहले उन्हें अपने संगठन की ओर देखना चाहिए। झीरम घाटी मामले में कहा- षड्यंत्रकारियों को बचाया गया बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने झीरम घाटी मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि झीरम घाटी की घटना के पीछे साजिश थी, लेकिन अब तक यह सामने नहीं आया कि इसके पीछे कौन लोग थे। बघेल ने कहा कि सभी ने माना है कि सुरक्षा में चूक हुई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में अब तक किसी प्रशासनिक या पुलिस अधिकारी को सजा मिली है क्या? उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह ने भी सुरक्षा में चूक की बात स्वीकार की थी। बघेल ने यह भी सवाल उठाया कि जब एफआईआर में रमन्ना जैसे बड़े नक्सली नेता का नाम था, तो बाद में उसका नाम क्यों हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में करीब 200 नक्सलियों के मौजूद होने की बात सामने आई थी, लेकिन जांच में सिर्फ 10 लोगों को शामिल किया गया और उन्हीं को आरोपी बनाया गया। ……………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… झीरम हमले में 10 दोषी, मास्टरमाइंड से पूछताछ तक नहीं:सरेंडर के बाद देवजी पढ़ता रहा, 12वीं की परीक्षा दी, 33 अब भी फरार 25 मई 2013 के झीरम घाटी नरसंहार मामले में 13 साल बाद जगदलपुर की स्पेशल NIA कोर्ट ने 10 नक्सलियों को दोषी ठहराया है। 11 आरोपियों में से एक की ट्रायल के दौरान मौत हो गई थी। दोषियों की सजा पर फैसला 16 सितंबर को होगा। सीएम साय ने कहा कि कोर्ट के इस फैसले का सभी को स्वागत करना चाहिए। पढ़ें पूरी खबर…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *