Headlines

पठानकोट में बेजुबान जानवरों पर बर्बरता का VIDEO:जान निकलने तक लाठियों से पीटता रहा शख्स; CCTV देख भड़के लोग, कांग्रेस और शिवसेना ने दी आंदोलन की चेतावनी




पठानकोट में बेजुबान और असहाय जानवरों के खिलाफ क्रूरता का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। ढाकी दौलतपुर इलाके में जानवरों के साथ की गई बर्बरता के दौरान आवारा पिल्लों को लाठी-छड़ों से पीट-पीटकर मार डालने की घटना सामने आई है। यह पूरी हैवानियत पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही शहरवासियों, पशु प्रेमियों और राजनीतिक संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कांग्रेस और शिवसेना दोनों दलों के प्रमुख नेताओं ने इस एक ही घटना पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और पुलिस प्रशासन को आरोपी की तुरंत पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सीसीटीवी में कैद हुई हैवानियत, जान निकलने तक करता रहा वार वायरल सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति हाथ में लाठी लेकर बेजुबान पिल्लों पर अंधाधुंध वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोपी ने पिल्लों पर तब तक लाठियां बरसाईं जब तक कि उन्होंने दम नहीं तोड़ दिया। इस जानलेवा हमले के कारण 2 पिल्लों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। इस घटना ने पूरे शहर में इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया: पुलिस प्रशासन पर उठाए सवाल पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता एवं कांग्रेस एससी सैल की नेशनल को-ऑर्डिनेटर टीना चौधरी ने वायरल वीडियो पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सीसीटीवी वीडियो में जिस तरह एक व्यक्ति बेजुबान जानवरों पर लाठियां बरसा रहा है, उसे देखकर लगता है कि इंसानियत खत्म हो चुकी है। बेजुबानों पर इस तरह का जुल्म करना बहुत बड़ा पाप है और ऐसे क्रूर लोग समाज में रहने के काबिल नहीं हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पठानकोट पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उस पर कठोरतम कानूनी धाराएं लगाई जाएं, ताकि भविष्य में कोई ऐसी वारदात करने से पहले सोचे। शिवसेना नेता योगराज शर्मा की प्रतिक्रिया शिवसेना यूबीटी के प्रदेश अध्यक्ष योगराज शर्मा ने इस घटना पर पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली को आड़े हाथों लेते कहा कि पठानकोट में बेजुबान जानवरों को पीट-पीटकर मार डाला गया और पुलिस प्रशासन कुंभकर्णी नींद सो रहा है। बेजुबान जानवर अपनी तकलीफ बयां नहीं कर सकते, इसलिए पुलिस को खुद संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बेजुबानों पर बर्बरता करने वाले पर कानून के तहत पर्चा दर्ज होना चाहिए। शर्मा ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने आरोपी को तुरंत सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो शिवसेना सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *