![]()
पंजाब में गौ सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन प्रेम भगत ने गुरदासपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और जिले की विभिन्न गौशालाओं की मैनेजिंग कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा गौशालाओं के कल्याण के लिए उठाए गए बड़े कदमों की जानकारी दी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया। 100 करोड़ के बिजली बिल माफ- भगत वाइस चेयरमैन प्रेम भगत ने बताया कि राज्य सरकार ने गौवंश की सेवा और गौशालाओं के आर्थिक बोझ को कम करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। बिजली बिल माफी: पंजाब की 518 पंजीकृत गौशालाओं के 100 करोड़ रुपए से अधिक के बकाया बिजली बिलों को पूरी तरह से माफ कर दिया गया है। प्रति गाय 61 रुपए प्रति दिन: सरकार ने गौशालाओं में संरक्षित हर गाय के लिए 61 रुपए प्रतिदिन की दर से वित्तीय सहायता देने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जल्द ही एक उच्च स्तरीय बैठक कर यह राशि गौशालाओं को जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह लाभ केवल आयोग के पास रजिस्टर्ड गौशालाओं को ही मिलेगा। काउ लिफ्टर की व्यवस्था: घायल और बीमार गायों के इलाज को सुगम बनाने के लिए आयोग की सिफारिश पर 3 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत से राज्य भर में 500 काउ लिफ्टर (Cow Lifters) बांटे गए हैं, जिनमें से 9 काउ लिफ्टर गुरदासपुर जिले को दिए गए हैं। कलानौर गौशाला मामले में सख्त जांच के आदेश हाल ही में कलानौर गौशाला में हुई गायों की दर्दनाक मौत के मामले पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए वाइस चेयरमैन ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लापरवाही में शामिल दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। 3 सदस्यीय जांच कमेटी गठित: उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गुरदासपुर के अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) की अध्यक्षता में एक विशेष 3 सदस्यीय जांच टीम गठित करने के आदेश दिए। इस टीम में एसपी (एच) और संबंधित एसडीएम शामिल होंगे। 15 दिनों में मांगी रिपोर्ट: जांच टीम को अगले 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पंजाब की गौशालाओं के बिजली बिल माफ:गुरदासपुर पहुंचे गौ सेवा आयोग के वाइस चेयरमैन, बोले-हर गाय पर रोज खर्च होंगे 61 रुपए
