![]()
मिर्जापुर के चेरुईराम स्थित कम्पोजिट विद्यालय में सोमवार को स्कूल जाने के रास्ते को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों ने बच्चों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। विद्यालय के सहायक अध्यापक संजय कुमार तिवारी की शिकायत पर सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू समेत 6 नामजद और अन्य अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। संजय कुमार तिवारी के मुताबिक, वह सोमवार को स्कूल पहुंचे तो गेट के सामने कुछ ग्रामीण और अभिभावक बच्चों को बैठाकर प्रदर्शन कर रहे थे। शिकायत में कौशिक कनौजिया, रामनरेश यादव, शंकर, लालबहादुर और आरती समेत कई ग्रामीणों के मौजूद होने की बात कही गई है। शिक्षक का आरोप है कि किसी ग्रामीण के फोन करने पर सपा नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू भी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि बच्चों को स्कूल गेट के बाहर बैठाकर नारे लगवाए गए। प्रदर्शन के कारण स्कूल आने-जाने का रास्ता बंद हो गया, जिससे शिक्षक-शिक्षिकाओं को परिसर में प्रवेश करने में परेशानी हुई और सरकारी कार्य प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की सुनी समस्या मामले की जानकारी मिलने पर सिटी खंड विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार सदर, सिटी खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, क्षेत्रीय लेखपाल और ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और अभिभावकों से बातचीत कर स्कूल के रास्ते से जुड़ी उनकी समस्याएं सुनीं। काफी समझाने के बाद लिखित सहमति के आधार पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रशासन की ओर से रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान कराने की बात कही गई। शिक्षक ने लगाया बच्चों को प्रदर्शन में इस्तेमाल करने का आरोप सहायक अध्यापक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि धरना सपा नेताओं की ओर से करवाया गया था और प्रदर्शन में बच्चों को भी शामिल किया गया। शिक्षक ने प्रदर्शन के कारण स्कूल का रास्ता बाधित होने और सरकारी काम में रुकावट की बात शिकायत में कही है। हालांकि, ग्रामीणों की ओर से स्कूल तक रास्ते को लेकर अपनी समस्या रखी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद को शांत कराया है। 24 घंटे में रास्ता बनाने का भरोसा स्कूल तक पहुंचने के रास्ते की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की बात सामने आई है। बातचीत के दौरान ग्रामीणों को 24 घंटे के अंदर रास्ता बनाए जाने का भरोसा दिया गया है। मामले में शिक्षक की शिकायत के आधार पर दर्ज प्रकरण की जांच और आगे की कार्रवाई पुलिस स्तर से की जाएगी।
Source link
मिर्जापुर में स्कूल के रास्ते को लेकर ग्रामीणों का धरना:बच्चों को साथ बैठाकर प्रदर्शन, शिक्षक की शिकायत पर सपा नेता समेत 6 नामजद
