Headlines

बस्ती में सरयू का पानी बंधे तक पहुंचा:खतरे के निशान से 1.07 मीटर ऊपर; फसलें डूबीं, किसान चिंतित




बस्ती में सरयू नदी का बढ़ता जलस्तर कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के ऊंची गांव के लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है। गांव के पास प्राचीन बाबा निहाल दास कुटी के करीब नदी का पानी बंधे से सट गया है। एक तरफ बंधे के इस पार बारिश का पानी जमा है, वहीं दूसरी तरफ सरयू का पानी किनारे तक पहुंच चुका है। इन हालात को देखते हुए ग्रामीण बंधे की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। केंद्रीय जल आयोग, अयोध्या कार्यालय के अनुसार, सोमवार को सरयू नदी 93.50 मीटर पर बह रही थी। मंगलवार को इसका जलस्तर बढ़कर 93.80 मीटर पहुंच गया। नदी का जलस्तर खतरे के निशान 92.730 मीटर से 1.07 मीटर ऊपर है। लगातार बढ़ते पानी से आसपास के खेतों में भी पानी भर गया है। बंधे के आसपास सैकड़ों एकड़ फसल नदी के पानी में डूब गई है। खेतों में खड़ी फसल खराब होने लगी है। किसानों का कहना है कि अगर पानी जल्द नहीं घटा तो बची हुई फसल भी बर्बाद हो जाएगी। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा। स्थानीय निवासी सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पानी बाबा निहाल दास मंदिर से सटकर बह रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ खंड को समय रहते स्थिति पर ध्यान देना चाहिए था। किसानों के खेत कटने की बात कहते हुए उन्होंने बाढ़ खंड के काम पर सवाल उठाए। अभिनंदन सिंह विशाल ने भी बाढ़ खंड के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत मौके पर जांच कराने, बंधे की निगरानी बढ़ाने और प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की है। नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच अब ग्रामीणों की नजर बंधे की स्थिति पर बनी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *