![]()
मोगा जिले में मेहणा थाना पुलिस ने गांववालों की मदद से गायों से भरा एक कैंटर जब्त किया है। कैंटर में कुल 15 गायें थीं, जिनमें से 2 की मौत हो गई। शुरुआती जांच में दम घुटने को मौत की वजह बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, गांव बुघीपुरा के पास सड़क किनारे एक कैंटर कई दिनों से खड़ा था। जब गांववालों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत मेहणा थाना पुलिस को सूचना दी। गांव के पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह को भी इस बारे में पता चला। सभी गायों को गौशाला भेजा सूचना मिलते ही मेहणा थाना के मुख्य अधिकारी कमलजीत सिंह और थानेदार नछत्तर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कैंटर को जब्त कर लिया। इस दौरान पूर्व सरपंच गुरमेल सिंह भी वहां मौजूद थे। मामले की खबर मिलने पर समाजसेवी गगन नोहरिया भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कैंटर से सभी गायों को बाहर निकाला और उन्हें गौशाला भेज दिया। पुलिस कर रही मामले की जांच थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि कैंटर को सड़क किनारे कौन खड़ा करके गया था। पुलिस मामले की पूरी छानबीन कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है, ताकि कैंटर खड़ा करने वाले लोगों का पता चल सके और सच्चाई सामने आ सके।
Source link
मोगा में गायों से भरा कैंटर जब्त:दम घुटने से 2 की मौत, 15 गाय लदी थी, सभी को गौशाला भेजा
