Headlines

Seoni Media Worker Attack Case


सिवनी में मीडियाकर्मी शमीम खान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

.

पुलिस के मुताबिक, कृष्णा उर्फ कान्हा उर्फ बिट्टू बैरागी (24) और 16 वर्षीय किशोर ने 25 हजार रुपए की सुपारी लेकर शमीम पर हमला करने की बात कबूल की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हमले में इस्तेमाल एक्सेस स्कूटी और धारदार चाकू बरामद किया है। सुपारी देने वाला व्यक्ति अभी फरार है।

बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे शमीम

घटना 3 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। शमीम खान अपने बेटे को उदय पब्लिक स्कूल छोड़कर मोपेड स्कूटी से घर लौट रहे थे।

बड़ी ज्यारत नाका के पास शिवहरे क्लिनिक के सामने पीछे से स्कूटी पर आए दो नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शमीम के पेट पर चाकू से वार करने की कोशिश की। हालांकि, वह हमले में बाल-बाल बच गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने जुटाए सुराग

घटना के अगले दिन 4 सितंबर को शमीम खान ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस कृष्णा उर्फ कान्हा उर्फ बिट्टू और किशोर तक पहुंची। पूछताछ में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

बिट्टू पर पहले से 10 मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिट्टू के खिलाफ चोरी और मारपीट समेत करीब 10 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, किशोर के खिलाफ भी दो मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, बिट्टू पहले भी मारपीट के एक मामले में शामिल रहा है।

बिट्टू जेल भेजा, किशोर बाल संप्रेषण गृह गया

गिरफ्तार बिट्टू को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, विधि-विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया। बोर्ड के आदेश पर उसे बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

सुपारी देने वाले की तलाश में पुलिस

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि हमले में इस्तेमाल एक्सेस स्कूटी और चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब सुपारी देने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है। साथ ही हमले की साजिश और इसके पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *