Headlines

लखनऊ में मानसून में 40 फीसदी कम बरसात:मौसम विभाग का अलर्ट मानसून की सक्रियता में आई कमी, फिर बढ़ेगी भीषण गर्मी




लखनऊ में बादल छाए रहने के साथ दिन में मौसम साफ बना रहेगा। इससे अब गर्मी और उमस का दौर फिर से शुरू होगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जाएगा। दिन में 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। अधिकतम आर्द्रता 95 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 60 फीसदी दर्ज की गई। वहीं, लखनऊ में 11 जुलाई को 20.8 मिलीमीटर बरसात हुई है। यह सामान्य बारिश 8.4 मिलीमीटर से 148 फीसदी अधिक है। 1 जून से 11 जुलाई तक लखनऊ में 95.8 मिलीमीटर बरसात हुई। जबकि सामान्य बारिश का औसत 158.3 मिलीमीटर है। लखनऊ में सामान्य से 40 फीसदी कम बरसात हुई है। मानसून की सक्रियता में कमी से कम होगी बरसात बंगाल की खाड़ी में बना निम्नदाब क्षेत्र दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचने के बाद अब धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके कमजोर होकर चक्रवाती परिसंचरण में बदलने तथा मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने के कारण प्रदेश में मानसून की सक्रियता कम होने लगेगी। पिछले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश हुई और कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई। लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत हैं। अगले 3 से 4 दिनों के दौरान पूर्वांचल को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां काफी कम रहने की संभावना है। इससे तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना बनी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *