![]()
साइबर और ऑनलाइन माध्यम से होने वाली वित्तीय ठगी के मामलों की जांच को बेहतर बनाने के लिए रायपुर में पुलिस अधिकारियों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। ‘न्यू ऐज फिनांसियल क्राइम्स एंड रिस्पॉन्स रेडनेस’ विषय पर हुई कार्यशाला में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से करीब 300 पुलिस अधिकारी और विवेचक शामिल हुए। कार्यक्रम विमतारा सभागार में हुआ।
कार्यशाला में विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने अधिकारियों को साइबर ठगी के बदलते तरीकों के बारे में बताया। ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, क्रिप्टो से जुड़े अपराध, म्यूल बैंक खाते, फर्जी पहचान, UPI और इंटरनेट बैंकिंग फ्रॉड, QR कोड से ठगी और रिमोट डिवाइस के जरिए किए जाने वाले अपराधों की जांच के तरीके समझाए गए। ठगी की शिकायत मिलते ही कार्रवाई पर जोर
अधिकारियों को बताया गया कि साइबर ठगी की शिकायत मिलने के बाद शुरुआती समय काफी महत्वपूर्ण होता है। शिकायत मिलते ही संदिग्ध लेन-देन की जानकारी जुटाकर संबंधित बैंक और वित्तीय संस्थाओं से संपर्क करना जरूरी है। इससे ठगी की रकम को आगे दूसरे खातों में जाने से रोकने की कोशिश की जा सकती है। डिजिटल सबूतों से आरोपियों तक पहुंचने की जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मोबाइल, बैंक लेन-देन और दूसरे डिजिटल माध्यमों से मिलने वाले सबूतों को सुरक्षित रखने और उनकी जांच के तरीके बताए गए। अधिकारियों को समझाया गया कि पीड़ित के खाते से रकम किस खाते में गई, फिर वहां से कहां ट्रांसफर हुई और आखिर में रकम किसके पास पहुंची, इसकी पूरी कड़ी को कैसे जोड़ा जा सकता है। केस स्टडी के जरिए समझी जांच की प्रक्रिया
कार्यशाला में कुछ मामलों को उदाहरण के तौर पर लेकर जांच की प्रक्रिया समझाई गई। इसके साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र भी हुआ। अलग-अलग जिलों से आए अधिकारियों ने साइबर अपराध की जांच के दौरान आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया। विशेषज्ञ ने इन समस्याओं से निपटने के तरीके भी समझाए। बदलते साइबर अपराधों से निपटने पर फोकस
कार्यशाला में पुलिस की साइबर अपराधों की जांच क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को तकनीकी जानकारी के साथ समय पर कार्रवाई, डिजिटल सबूत सुरक्षित रखने और पैसों के लेन-देन की कड़ी जोड़ने के तरीकों की जानकारी दी गई। साइबर अपराध के नए तरीकों को देखते हुए पुलिस के लिए ऐसे प्रशिक्षण को जांच प्रक्रिया में उपयोगी माना जा रहा है।
Source link
साइबर ठगी की जांच के लिए पुलिस अफसरों को ट्रेनिंग:UPI, निवेश, क्रिप्टो और म्यूल खातों से जुड़े फ्रॉड की जांच पर वर्कशॉप
