औरंगाबाद में विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद-2027 (VBYLD) का आयोजन किया जा रहा है।
.
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर बुधवार को मेरा युवा भारत केंद्र, मालती निवास, सत्येंद्र नगर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
जिला युवा अधिकारी अनिकेत कुमार राव ने बताया कि इस पहल के माध्यम से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को अपने विचार, नवाचार और समाधान प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं की रचनात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते जिला युवा अधिकारी
प्रतियोगिता नहीं, नेतृत्व क्षमता दिखाने का अवसर
जिला युवा अधिकारी ने कहा कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद महज एक प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि युवाओं की नेतृत्व क्षमता, नवाचार और रचनात्मक सोच को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। चयनित प्रतिभागियों को नीति-निर्माताओं के समक्ष अपने विचार रखने का मौका मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा नई दिल्ली में देशभर से आए प्रतिभागियों के साथ अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे। वहीं, चयनित प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार रखने का अवसर मिल सकता है।
पांच चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
उन्होंने बताया कि विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद की पूरी प्रक्रिया पांच चरणों में आयोजित की जाएगी। इसका पहला चरण विकसित भारत प्रश्नोत्तरी है, जो 17 अगस्त से 30 सितंबर तक मेरा युवा भारत के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आयोजित की जा रही है।
प्रश्नोत्तरी में सफल प्रतिभागी पांच से नौ अक्टूबर तक आयोजित होने वाली निबंध प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों के लिए 10 से 16 नवंबर तक जिला स्तरीय चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।
जिला से राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगा युवाओं का सफर
जिला स्तरीय चैंपियनशिप में चयनित युवा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपने विचार और समाधान सामने रखेंगे। यहां से चयनित प्रतिभागी 17 नवंबर से सात दिसंबर तक राज्य स्तर पर आयोजित VBYLD में भाग लेंगे।
राज्य स्तर पर चयनित युवाओं को अंतिम चरण के लिए मौका मिलेगा। अंतिम चरण में 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में राष्ट्रीय युवा नेतृत्व संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें चयनित युवा देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे।
स्कूल-कॉलेज और युवा संगठनों से युवाओं को जोड़ने की अपील
प्रेस वार्ता के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, युवा क्लबों और अन्य युवा संगठनों से अधिकाधिक युवाओं को इस पहल से जोड़ने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि युवाओं तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
जिला युवा अधिकारी अनिकेत कुमार राव ने युवाओं से 30 सितंबर तक विकसित भारत प्रश्नोत्तरी में पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा इसे केवल एक प्रश्नोत्तरी के रूप में न लें, बल्कि अपने विचारों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर समझें।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी रचनात्मक सोच, नवाचार और स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े विचारों के साथ इस पहल में हिस्सा लें, ताकि विकसित भारत @2047 के लक्ष्य में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
