अंबेडकर प्रतिमा के अपमान पर आज जालंधर बंद:7 घंटे मार्केट और बैंक बंद कराएंगे संगठन, स्कूल-कॉलेज और अस्पताल खुले रहेंगे




लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान के विरोध में दलित समाज ने आज (10 सितंबर) को जालंधर बंद की कॉल दी है। भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब के अध्यक्ष राजीवा गोरा और भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने बंद का ऐलान किया है। गोरा ने बताया कि सुबह 9 से शाम 5 बजे तक शहर की सभी मार्केट, रेहड़ी-फड़ी, सरकार दफ्तर, बैंक बंद करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए हाईवे जाम नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही इमरजेंसी सेवाओं में मेडिकल स्टोर और अस्पताल खुले रख सकते हैं। बच्चों की परीक्षाओं को देखते हुए स्कूल-कॉलेज भी बंद नहीं करवाए जाएंगे। राजीव गोरा ने कहा कि मुख्य धरना जालंधर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर दिया जाएगा। इसके अलावा संस्थाओं के सदस्य दुकानें बंद करने की अपील करेंगे। उन्होंने बताया कि जालंधर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले रैनक बाजार के व्यापारियों का समर्थन मिल चुका है। दूसरे बाजारों के दुकानदार भी खुद दुकानें बंद रखकर सहयोग दें।
गोरा बोले- 10वीं बार हुई ऐसी घटना
गोरा ने कहा कि बीते दिनों बाबा साहेब की प्रतिमा से छेड़छाड़ की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह 10वीं बार घटना हो चुकी है। लुधियाना में पहले भी इसी जगह पर प्रतिमा के शीशे तोड़ने की घटना सामने आई थी और समुदाय द्वारा प्रतिमा के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई थी, लेकिन कोई प्रबंध नहीं किए गए। वहीं अब भगवान वाल्मीकि जी का प्रगट दिवस आने से पहले बाबा साहेब की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की गई है। राजनीतिक शह पर टारगेट की जा रही प्रतिमाएं
भीम क्रांति सेना के अध्यक्ष गौरव वाल्मीकि ने कहा कि उन्हें लगता है कि सियासी पार्टी राजनीति चमकाने को लेकर घटनाएं करवा रही है। हर बार बाबा साहेब की प्रतिमा को टारगेट किया जा रहा है। बार-बार हो रही घटनाओं को लेकर समुदाय में रोष है और वह इसे बर्दाश नहीं करेंगे। रैनक बाजार एसोसिएशन ने दिया बंद को समर्थन
जालंधर के सबसे बड़े और भीड़भाड़ वाले रैनक बाजार एसोसिएशन के प्रधान शिव शर्मा ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनादर करना गलत है।शहर की वाल्मीकि भाइचारे की एसोसिएशन के लोग उनके पास आए थे और मार्केट बंद करने के लिए सहयोग मांगा। उन्होंने सहयोग देने का ऐलान किया है। पूरा रैनक बाजार बंद रखा जाएगा। बाजार के दुकानदारों को इस बारे में बता दिया गया है। लुधियाना में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का अपमान
मंगलवार (8 सितंबर) को शरारती तत्वों ने लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों की माला पहनाकर अपमान किया था। जिसके बाद रात को साढ़े 3 घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा। तब पुलिस ने FIR दर्ज की। इस बीच बुधवार सुबह दलित समाज के लोगों ने प्रतिमा का दूध से अभिषेक किया। पुलिस ने मूर्ति के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए हैं ताकि फिर कोई ऐसी हरकत न कर सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *