हिमांशु गुप्ता | औरैया4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

औरैया में रविवार को दिबियापुर में पौधारोपण अभियान के तहत रोडवेज बस अड्डे के पास लगभग दो हजार पौधे लगाए गए। इस दौरान तेज धूप से बचाने के लिए मंत्री, सांसद और अन्य अतिथियों के लिए मैदान में छाते लगाए गए थे, जबकि पौधे सीधे धूप में थे। कार्यक्रम में मंच पर जगह न मिलने से दिबियापुर चेयरमैन राघव मिश्रा कार्यक्रम छोड़कर चले गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खाद्य सुरक्षा एवं औषधि अजीत पाल थे। वे अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से सुबह 11:30 बजे पहुंचे, जिसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपस्थित लोगों ने राज्यमंत्री अजीत पाल, राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य और विधायक गुड़िया कठेरिया का स्वागत किया। इसके बाद ग्रीन बेल्ट पर पौधारोपण किया गया।

डीएफओ चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में कुल 49 लाख पौधों के पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें वन विभाग द्वारा 22 लाख और अन्य विभागों द्वारा 27 लाख पौधे लगाए जाएंगे। दिबियापुर में वन विभाग की जमीन पर आज 2 हजार पौधे रोपे गए।
पौधारोपण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मंत्री अजीत पाल ने कहा कि पेड़ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, भूजल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने पौधारोपण के बाद उनकी देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य, विधायक गुड़िया कठेरिया और जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ब्रजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भीड़ बढ़ाने को स्कूल के बच्चे बुलाए, पानी के लिए भटके कार्यक्रम में कुर्सियां खाली न रहे इसके लिए स्कूली बच्चों को भी कार्यक्रम में स्कूल से से सीधे लाया गया। तेज धूप में प्यास बुझाने को बच्चे व्याकुल रहे। कार्यक्रम में बच्चों के लिए पानी का इंतजाम नहीं था। ऐसे में बच्चे रोडवेज बस स्टॉप पर लगे वाटर कूलर पर लाइन लगाये दिखाई पड़े।

