Headlines

निकाय चुनाव कल, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर:कांग्रेस बदहाल सीवरेज -महंगाई पर घेर रही, भाजपा विकास का दावा कर रही




पाली नगर निगम के लिए कल यानी 11 सितंबर को मतदान होगा। इससे पहले आज प्रचार का आखिरी दिन है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों पार्टियों के स्टार प्रचारक प्रत्याशियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रचार में जुटे हैं। कोई जनसभा कर रहा है तो कोई डोर-टू-डोर पहुंचकर मतदाताओं से अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील कर रहा है। चुनाव में कई तरह के समीकरण बन और बिगड़ रहे हैं, जो प्रत्याशियों की जीत-हार का गणित तय करेंगे। 14 सितंबर को मतगणना के बाद तस्वीर साफ होगी कि 65 प्रत्याशियों में से किन्हें जनता का समर्थन मिला। इसके साथ ही यह भी तय होगा कि नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा या भाजपा का और कितने निर्दलीय प्रत्याशी जीतकर आएंगे। कांग्रेस इन मुद्दों पर मांग रही वोट कांग्रेस की ओर से विधायक भीमराज भाटी, जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा, पूर्व सभापति प्रदीप हिंगड़ और पीसीसी सदस्य महावीर सिंह सुकरलाई स्टार प्रचारक की भूमिका में हैं। गुरुवार को प्रचार के आखिरी दिन भी सभी नेता जोर-शोर से प्रचार में जुटे रहे। प्रभारी हेमसिंह शेखावत भी उनके साथ प्रचार में लगे हुए हैं। कांग्रेस नेता बंद पड़ी फैक्ट्रियों से बेरोजगार हुए मजदूरों की समस्या, शहर की बदहाल सीवरेज व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, शक्कर-पेट्रोल और यूजीसी के मुद्दों को लेकर भाजपा को घेर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से ‘पाली मांगे परिवर्तन’ का नारा दिया जा रहा है। भाजपा का नारा- अबकी बार 50 पार भाजपा की ओर से पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा, सांसद पीपी चौधरी और मंत्री जोराराम कुमावत वार्ड-वार्ड घूमकर प्रचार में जुटे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी गुरुवार को पाली पहुंचे और टीम के साथ प्रचार के साथ चुनावी रणनीति बनाने में जुटे नजर आए। भाजपा ने इस बार ‘अबकी बार 50 पार’ का नारा दिया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि ट्रीपल इंजन की सरकार बनने से शहर का विकास तेजी से होगा। भाजपा नेता शहर में विकास के अपने दावे गिना रहे हैं और कांग्रेस की नाकामियां भी मतदाताओं के सामने रख रहे हैं। इन वार्डों में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर … वार्ड 26: भाजपा के शिवजी और निर्दलीय कुसुम में सीधी टक्कर वार्ड 26 में भाजपा के शिवजी प्रजापत के सामने निर्दलीय कुसुम सोनी मैदान में हैं। कुसुम सोनी भाजपा से सभापति रह चुकी हैं। उनके निर्दलीय चुनाव लड़ने से इस वार्ड का मुकाबला रोचक हो गया है। पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा शिवजी प्रजापत को जिताने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। वहीं भाजपा के पूर्व पार्षद नरेश मेहता भी पूर्व सभापति के समर्थन में डोर-टू-डोर प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में इस वार्ड के नतीजे में पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा और पूर्व पार्षद नरेश मेहता की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। वार्ड 40: भाजपा के सामने बागी किशोर सोमनानी की चुनौती वार्ड 40 में भाजपा ने नवरतन कंवर को मैदान में उतारा है। उनके सामने निर्दलीय पुष्पा सोमनानी चुनाव लड़ रही हैं। पुष्पा सोमनानी पूर्व पार्षद किशोर सोमनानी की पत्नी हैं। भाजपा ने इस बार किशोर सोमनानी को टिकट नहीं दिया। ऐसे में इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी को जिताना पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख और भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी के लिए भी प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। वार्ड 34: कांग्रेस की सुमित्रा जैन के सामने निर्दलीय अभिषेक जैन वार्ड 34 में कांग्रेस की सुमित्रा जैन के सामने निर्दलीय अभिषेक जैन चुनाव मैदान में हैं। यहां भाजपा का प्रत्याशी भी है, लेकिन मुख्य मुकाबला सुमित्रा जैन और अभिषेक जैन के बीच माना जा रहा है। दोनों एक ही समाज से आते हैं। सुमित्रा जैन को महापौर के दावेदार के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में उन्हें जिताना पाली विधायक भीमराज भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाड़ा और महावीर सिंह सुकरलाई के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। वार्ड 2: कांग्रेस की नीलम और भाजपा के मानवेंद्र में कड़ी टक्कर वार्ड 2 से कांग्रेस की नीलम बिड़ला मैदान में हैं, जबकि उनके सामने भाजपा के मानवेंद्र सिंह भाटी हैं। नीलम बिड़ला की गिनती पाली के कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में होती है, वहीं मानवेंद्र सिंह भाटी भी क्षेत्र में सक्रिय हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। इस सीट को जीतने के लिए दोनों पार्टियों के स्टार प्रचारक पूरी ताकत लगा रहे हैं। अब देखना होगा कि 14 सितंबर को मतगणना में मतदाताओं का साथ किसे मिलता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *