![]()
सोनीपत के गांव लिवान में आपसी कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद कुछ ही घंटों में हिंसक हो गया। पहले राई औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी के बाहर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जहां चाकू से हमला करने के आरोप में तीन युवक घायल हो गए। इसके करीब आधे घंटे बाद यही विवाद लिवान में किराए की बिल्डिंग तक पहुंच गया। यहां दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। भतीजे को बचाने पहुंचे एक व्यक्ति के सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए अलग-अलग FIR दर्ज कराई हैं। कंपनी के बाहर दोबारा भिड़े मूलरूप से यूपी के चंदौली जिले के खजूरगांव निवासी कैलाश ने पुलिस को बताया कि वह लिवान में किराए पर रहता है और राई औद्योगिक क्षेत्र के प्लाट नंबर 514 स्थित कंपनी में करीब पांच महीने से काम कर रहा है। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे वह ड्यूटी के लिए जा रहा था। बिकानो कंपनी के पास उसे सहकर्मी रविंद्र मिला। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर रविंद्र ने विरोध किया और उसके साथियों के साथ मिलकर कैलाश से मारपीट की। कैलाश के अनुसार, घटना के बाद वह ड्यूटी पर नहीं गया और वापस कमरे पर लौट आया। रात करीब 10 बजे वह अपने साथ हुई मारपीट को लेकर कंपनी के गेट पर पहुंचा। वहां लक्की और सागर भी मौजूद थे। इसी दौरान शिफ्ट खत्म होने के बाद रविंद्र अपने साथियों के साथ वहां आ गया और दोनों पक्षों में फिर कहासुनी शुरू हो गई। कैलाश ने आरोप लगाया कि इसी दौरान अजय ने लक्की और सागर की कमर पर चाकू से वार किया। इसके बाद उस पर भी चाकू से हमला किया गया। तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें खानपुर रेफर कर दिया गया। 11 लोगों पर हमला करने का आरोप कैलाश ने पुलिस को दी शिकायत में रविंद्र, ललित, अंकित, कुलदीप, सूरज, रामपाल, अखिलेश, अजय, अरुण, कोहिनूर और हरिशंकर पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आधे घंटे बाद किराए की बिल्डिंग में पहुंचा विवाद हरदोई जिले के कारों खुर्द निवासी और फिलहाल लिवान में रहने वाली जय देवी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह पति हरिशंकर (55) और बेटों अंकित व काहिनूर के साथ रहती है। उनके पड़ोस में उसका भतीजा रविंद्र भी रहता है। जय देवी के मुताबिक, रविंद्र का पहले कैलाश से विवाद हुआ था। बाद में फैक्ट्री के बाहर हुए झगड़े में रविंद्र और उसके साथियों पर कैलाश व उसके साथियों पर चाकू से हमला करने का आरोप लगा। इसके बाद रात करीब साढ़े 10 बजे कैलाश के साथी और परिचित 3-4 बाइक पर सवार होकर लाठी-डंडे लेकर उनकी बिल्डिंग में पहुंचे। भतीजे को बचाने पहुंचे हरिपाल, सिर में लगी चोट जय देवी ने आरोप लगाया कि युवक बिल्डिंग में रविंद्र को तलाशते हुए झगड़ा करने लगे। रविंद्र को बचाने के लिए हरिशंकर और परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी दौरान हरिशंकर के सिर में चोट लग गई और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गए। परिजन उन्हें नागरिक अस्पताल सोनीपत लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हत्या का केस दर्ज, दूसरे पक्ष पर भी FIR हरिशंकर की पत्नी जय देवी की शिकायत पर पुलिस ने कैलाश व अन्य के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं कैलाश की शिकायत पर भी चाकू से हमला और मारपीट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और झगड़े की शुरुआत से लेकर हरिशंकर की मौत तक की घटनाओं को जोड़कर आरोपों की पुष्टि में जुटी है।
Source link
सोनीपत में भतीजे को बचाने आए चाचा की हत्या:सिर में लगी थी गंभीर चोट; 2 पक्षों में हुई थी कहासुनी
