Headlines

उज्जैन में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पकड़ाया:सुलभ कॉम्प्लेक्स में वारदात, भागने की कोशिश के बाद कोर्ट ने भेजा जेल




उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र में 9 साल की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 9 सितंबर को जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के तिलकेश्वर इलाके में हुई थी। आरोप है कि तिलकेश्वर तिराहे पर बने सुलभ कॉम्प्लेक्स में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया। बच्ची के परिवार ने 10 सितंबर को जीवाजीगंज थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांसापुरा तलाई निवासी अकबर उर्फ भय्या पिता असलम हेला (35) के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m), 65(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम बनाई गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद घटनास्थल पर कार्रवाई के लिए आरोपी को ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया और दोबारा हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के मामले में आरोपी के खिलाफ जीवाजीगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *