![]()
अंबिकापुर शहर की खराब और जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने 15 सितंबर को चक्काजाम करने का ऐलान किया है। कांग्रेस का कहना है कि शहर में नेशनल हाईवे की सड़कें भी अब चलने लायक नहीं बची हैं। शुक्रवार को भारत माता चौक के पास एक युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि अंबिकापुर में नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और नगर निगम की सड़कों की हालत खराब है। सड़कों पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। इससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, कई जगह ऑटो रिक्शा पलट चुके हैं। दुपहिया वाहन चालक गिरकर घायल हो रहे हैं और कई वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं। कांग्रेस ने सड़कों की जल्द मरम्मत की मांग को लेकर चक्काजाम का फैसला लिया है। भारत माता चौक में स्थिति सर्वाधिक खराब कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत माता चौक से रायगढ़ रोड स्थित फ्लाईओवर तक सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। इनमें चारपहिया वाहन फंस रहे हैं और बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। शुक्रवार को एक बाइक सवार युवक सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गया। गड्ढे में करीब 4 फीट पानी भरा था। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बाहर निकाला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर चौक से रेलवे स्टेशन तक भी सड़क की हालत खराब है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी गहराई का पता नहीं चलता। इससे वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। खराब सड़कों का सबसे ज्यादा असर मरीजों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। एंबुलेंस और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी हो रही है। वहीं, स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए भी गड्ढों से भरी सड़कें खतरा बनी हुई हैं। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, शहर के अंदरूनी मोहल्लों और गलियों की सड़कें भी कई जगहों पर टूट चुकी हैं। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि करीब दो महीने पहले बनाई गई कई सड़कें पहली ही बारिश में उखड़ने लगी हैं। इससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। 15 सितंबर को चक्काजाम कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक और नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से 15 सितंबर को दोपहर 1 बजे चक्काजाम में शामिल होने की अपील की है। चक्काजाम एमजी रोड स्थित विशुनपुर चौक, माखन विहार के पास किया जाएगा।
Source link
नेशनल-हाईवे के गड्ढे में गिरा युवक, लोगों ने बाहर निकाला,VIDEO:कांग्रेस बोली- अंबिकापुर की सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे, 15 सितंबर को करेंगे चक्काजाम
