![]()
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह फैक्ट्री साधोबाद गांव के पास ताराटांड़ जंगल में चल रही थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में लंबे समय से अवैध तरीके से नकली शराब बनाकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा स्प्रीट, नामी अंग्रेजी शराब कंपनियों के रैपर, खाली शराब की बोतलें और ढक्कन बरामद किए। पुलिस ने दर्जनों पेटियों में पैक की हुई नकली अंग्रेजी शराब की बोतलें भी जब्त कीं, जो बिक्री के लिए रखी गई थीं। बरामद सामान से पुलिस को आशंका है कि यहां बड़े पैमाने पर नकली शराब बनाकर बाजार में बेची जा रही थी। पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके पर मौजूद कारोबारी जंगल का फायदा उठाकर भाग गए। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की तलाशी ली। पुलिस बरामद सामान को जब्त कर थाने ले आई है। पुलिस अब फरार कारोबारियों की पहचान करने में जुटी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस नकली शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।
Source link
बरवाअड्डा के जंगल में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़:छापेमारी में कच्चा स्प्रीट, नामी कंपनियों के रैपर और बोतलें जब्त
