![]()
तरनतारन जिले के पट्टी शहर स्थित प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार ‘शांति दी हट्टी’ पर शुक्रवार देर रात अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। देर रात करीब 12 बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके और व्यापारिक वर्ग में भारी दहशत फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, नकाबपोश हमलावरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए। गोलियां दुकान के बाहरी शटर को भेदते हुए अंदर लगे बड़े शीशे में जा लगीं, जिससे शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत यह रही कि रात का समय होने के कारण मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान होने से बचाव रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बरामद किए खोल, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी पट्टी की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल (खोके) बरामद किए हैं। हमलावरों की शिनाख्त और उनकी आवाजाही का सुराग लगाने के लिए दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को गहनता से खंगाला जा रहा है। मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिटी पट्टी के प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि शटर और दुकान के अंदर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 2 साल पुराने रंगदारी के मामले से जुड़ रहे तार ‘शांति दी हट्टी’ पर हुई इस फायरिंग के तार करीब दो साल पुराने एक रंगदारी मामले से जोड़कर देखे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि लगभग दो साल पहले दुकान मालिक को नामी गैंगस्टरों द्वारा धमकी देकर भारी रंगदारी मांगी गई थी। अब दो साल के लंबे अंतराल के बाद दोबारा इसी दुकान को निशाना बनाकर की गई फायरिंग से पीड़ित परिवार और स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह फायरिंग पुरानी धमकी का नतीजा है या इसके पीछे कोई नया विवाद है, यह गहन जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।
Source link
तरनतारन में मशहूर स्वीट हाउस पर फायरिंग:दो साल बाद फिर शांति दी हट्टी पर गोलियों की गूंज, इलाके में दहशत CCTV खंगाल रही पुलिस
