![]()
जयपुर नगर निगम के वार्ड 62 के एक बूथ पर आज दोबारा मतदान हो रहा है। सांगानेर के टीला वाला स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के कमरा नंबर 4 में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस बूथ पर 11 सितंबर को हुए मतदान में 110 ऐसे लोगों ने वोट डाल दिया था, जिनका नाम मतदाता सूची से हटाया जा चुका था। मामले की रिपोर्ट मिलने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बूथ पर हुए मतदान को दोबारा कराने का फैसला किया। क्यों हो रही है दोबारा वोटिंग? चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन 110 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा चुके थे, उनके वोट डालने से चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठा। जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने इस बूथ पर फिर से मतदान कराने के निर्देश दिए। कौन डाल सकता है वोट? आज होने वाली वोटिंग में सिर्फ वही लोग वोट डाल सकेंगे, जिनका नाम इस बूथ की मान्य मतदाता सूची में है। यानी जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे मतदान नहीं कर सकेंगे। इस बार बाएं हाथ की बीच वाली अंगुली पर स्याही दोबारा मतदान में वोट डालने वाले मतदाता के बाएं हाथ की बीच वाली अंगुली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी। इससे यह पता चलेगा कि मतदाता दोबारा होने वाले मतदान में अपना वोट डाल चुका है। 11 सितंबर की ईवीएम अलग रखी गई 11 सितंबर को हुए मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील करके सुरक्षित रखा गया है। आज होने वाले दोबारा मतदान के लिए जरूरत पड़ने पर नए मतपत्र और अन्य जरूरी सामग्री का इस्तेमाल किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्याशियों और उनके चुनाव एजेंटों को दोबारा मतदान की जानकारी देने के साथ ही क्षेत्र के मतदाताओं तक इसकी सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
Source link
जयपुर- वार्ड 62 के एक बूथ पर आज दोबारा वोटिंग:शाम 6 बजे तक चलेगा मतदान, इस बार बाएं हाथ की बीच वाली अंगुली पर लगेगी स्याही
