Headlines

सामूहिक बलात्कार के फरार मुख्य आरोपी और नाबालिग पकड़ाए:मुखबिर की सूचना पर बस चेकिंग के दौरान कोटाडोल पुलिस ने दबोचा




एमसीबी जिले के कोटाडोल थाना क्षेत्र में सामूहिक बलात्कार के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी और एक नाबालिग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास मोबाइल फोन नहीं था, फिर भी मुखबिरों की मदद से पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही थी। आखिरकार बस चेकिंग के दौरान दोनों को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त 2026 को पीड़िता ने कोटाडोल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 28 अगस्त की रात दो युवक जबरन उसके घर में घुस आए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। इस शिकायत पर कोटाडोल थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्देश दिए। मुख्य आरोपी राजपाल अगरिया पहले महाराष्ट्र में काम करता था। इसलिए उसके महाराष्ट्र भागने की आशंका पर वहां भी लगातार संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। आरोपियों के पास मोबाइल फोन नहीं थे, इसलिए पुलिस ने उनके रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के मोबाइल नंबरों और कॉल डिटेल के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। बसों की चेकिंग के दौरान पकड़ाए आरोपी इसी दौरान, 11 सितंबर को ग्राम फूलझर, थाना केल्हारी क्षेत्र में आरोपियों के देखे जाने की खबर मिली। पुलिस टीम ने तुरंत इलाके में तलाश शुरू की। आरोपियों के बस से जनकपुर की तरफ जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने बसों की चेकिंग शुरू कर दी। 12 सितंबर को ग्राम घघरा के पास बस चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी राजपाल अगरिया और उसके साथी को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि वे घटना के बाद महाराष्ट्र भागने वाले थे। मुख्य आरोपी राजपाल अगरिया को गिरफ्तार कर जनकपुर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में शामिल नाबालिग आरोपी को नियमानुसार मनेन्द्रगढ़ के किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *