Headlines

ईसरी बाजार में बिजली पोल से टकराकर पलटा ट्रक:सड़क किनारे खड़ी कार क्षतिग्रस्त, चालक-राहगीर बाल-बाल बचे




गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के ईसरी बाजार में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक बिजली के खंभे से टकराने के बाद बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में सड़क किनारे खड़ी एक कार भी ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे कार को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि घटना में किसी को चोट नहीं आई और ट्रक चालक भी सुरक्षित है। जानकारी के अनुसार, यह ट्रक बंगाल से झाड़ू लादकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। ईसरी बाजार में पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के बाद ट्रक जैसे ही थोड़ा आगे बढ़ा, वह लोहे के बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभे से टकराने के बाद ट्रक बेकाबू हो गया और पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे पलट गया। इसी दौरान पास खड़ी एक कार भी उसकी चपेट में आ गई। हादसे में ट्रक को भी काफी नुकसान हुआ है। घटना के बाद ईसरी बाजार में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। सड़क पर पलटे ट्रक को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई, जिसके बाद उसे हटाने का काम शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईसरी बाजार इलाके में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। हादसों के बाद यहां भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू करने की बात कही गई थी, लेकिन लोगों का आरोप है कि यह व्यवस्था अब तक ठीक से लागू नहीं की गई है। भारी वाहनों के लगातार आने-जाने से बाजार में हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से नो-एंट्री व्यवस्था को सख्ती से लागू करने की मांग की है। निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि लोहे के बिजली के खंभे से टकराने के बाद झाड़ू लदा ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी को चोट नहीं लगी है। क्रेन मंगाकर ट्रक को सड़क से हटाया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *