Headlines

पंजाब में नशे के मुद्दे पर भाजपा ने कसी कमर:जगराओं में संगठन को चुनावी मोड में उतारा, अभियान के लिए 15 सरकलों में इंचार्ज नियुक्त




पंजाब में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जगराओं जिले में अपनी राजनीतिक जमीन और सांगठनिक पकड़ मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। जिला अध्यक्ष डॉ. राजिंदर शर्मा की अगुवाई में हुई एक अहम बैठक के दौरान पार्टी ने संगठन को सरकल स्तर तक सुदृढ़ करने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। साथ ही, बढ़ते नशे के मुद्दे पर पंजाब की भगवंत मान सरकार को घेरने की पुख्ता रणनीति भी बनाई गई है। जिला प्रभारी अनिल सच्चर और सह-प्रभारी रणजीत सिंह पंवार की मौजूदगी में हुई इस बैठक में पार्टी की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि अब सांगठनिक गतिविधियों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि उन्हें सीधे जमीनी स्तर पर जनता के बीच लेकर जाना है। ‘नशामुक्त पंजाब’ अभियान और यात्राओं पर जोर बैठक के दौरान पंजाब भाजपा के ‘नशामुक्त पंजाब की ओर एक और कदम’ अभियान और अन्य नशा विरोधी कार्यक्रमों को पूरी तरह सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। भाजपा ने नशे को आगामी विधानसभा चुनावों का सबसे बड़ा मुद्दा बनाया है और इसके तहत राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर ‘नशामुक्त पंजाब यात्राएं’ निकालने की घोषणा की है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि युवा पीढ़ी को बर्बादी से बचाने के लिए इस अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाए। संगठन के विस्तार और जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए जगराओं के अंतर्गत आने वाले 15 सरकलों में प्रभारियों की नियुक्तियां की गई हैं। 17 सितंबर से शुरू होगा एक महीने का ‘सेवा अभियान’ बैठक में जानकारी दी गई कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर से भाजपा द्वारा राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर लगातार एक महीने तक चलेगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों की स्थानीय जरूरतों के अनुसार रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान और अन्य जनसेवा से जुड़े सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। जिला अध्यक्ष डॉ. राजिंदर शर्मा ने विश्वास जताया कि जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी तन्मयता से अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र सरकार की नीतियों व पार्टी के कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष गेजा राम वाल्मीकि, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव खुल्लर, कर्नल इंद्रपाल सिंह धालीवाल, जिला महासचिव सुमित अरोड़ा, प्रदीप जंड और गुरसिमरन सिंह गिल सहित बड़ी संख्या में जिला व सरकल स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *