Headlines

Punjab Chandigarh News | Night Club Firing, PU Syllabus & Highway Protest


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर बिजली संकट से जुड़ी है। इंडस्ट्रियों में बिजली के अनशेड्यूल्ड कट बढ़ने से उद्योगपति सड़क पर उतर आए। उन्होंने रोड जाम कर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने भी PSPCL के खिलाफ मोर्चा खोला। हालांकि, बिजली मंत्री कह चुके हैं कि अब बिजली के कट नहीं लगेंगे।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. बिजली संकट के बीच लुधियाना-चंडीगढ़ रोड जाम

पंजाब में बिजली संकट को लेकर गुस्सा बढ़ गया है। सोमवार को लुधियाना में डाइंग उद्योगपति सड़क पर उतर आए। उन्होंने लुधियाना-चंडीगढ़ रोड पर वर्धमान चौक के पास चक्काजाम कर दिया। इसे देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट किया। वहीं, कांग्रेस ने भी पटियाला में PSPCL के हेडक्वार्टर के बाहर प्रदर्शन किया।

इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और वर्करों पर पानी की बौछारें मारीं। बिजली के हालात बिगड़ने के बीच पंजाब सरकार ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के चेयरमैन कम मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) बंसत गर्ग को हटा दिया। उनकी जगह सीनियर IAS अधिकारी गुरकीरत किरपाल सिंह को CMD नियुक्त किया है। वह 2001 बैच के IAS अधिकारी हैं।

इससे पहले लुधियाना में बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने दावा किया कि पंजाब में अब बिजली के लंबे कट नहीं लगेंगे। 15 सितंबर से कट लगने बंद हो जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

2. CM मान बोले- खुद नशा बेच रहे, खुद ही यात्रा निकाल रहे

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को कहा है कि नशे को लेकर पंजाब को बदनाम किया जा रहा है। केंद्र सरकार बदनामी कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि पंजाब पुलिस मध्य प्रदेश सहित दूसरे प्रदेशों से आरोपियों को पकड़कर ला रही है।

चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CM मान ने कहा कि पंजाब की 40 फीसदी पुलिस बीएसएफ के साथ मिलकर काम कर रही है। हम जो नशा पकड़ रहे हैं, वह पाकिस्तान की तरफ से पैकेटों में आ रहा है। यहां दो किलो, पांच किलो और दस किलो के पैकेट पकड़े जा रहे हैं।

CM ने कहा- गुजरात वाले पोर्ट से भी बड़ी मात्रा में नशा पकड़ा जा रहा है। वहां 3-3 हजार किलो नशा पकड़ा जा रहा है। देश के गृहमंत्री का होम स्टेट है। इसके बावजूद केंद्र पंजाब को बदनाम कर रहा है। अब नशे के खिलाफ 18 सितंबर से यात्रा निकालने जा रहे हैं। अपना पोर्ट संभाल लो। खुद सप्लाई करने देते हो, फिर खुद ही पैदल यात्रा, बस यात्रा या कोई दूसरी यात्रा निकालते हो। ऐसे जनता को बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता। (पढ़ें पूरी खबर)

3. कोर्ट की छत से कूदे 2 गैंगस्टर, पुलिस ने दबोचे

जालंधर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में बुधवार को पेशी पर आए 2 गैंगस्टर पुलिस को देखकर भागने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों ने छत से छलांग लगा दी। पुलिस ने पीछा कर दोनों को काबू कर लिया।

दोनों देवी तालाब मंदिर में ईंट-पत्थर बरसाने के मामले में वांटेड थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों किसी अन्य केस की पेशी के लिए जालंधर कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंचे हैं। इसके बाद पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए वहां पहुंची।

पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे और छत से छलांग लगा दी। गैंगस्टरों की पहचान अमन और फतेह के रूप में हुई। हालांकि, पुलिस की तरफ से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. इकलौता बेटा एनकाउंटर में ढेर, विदेश से बहन ने मां को बताया

लुधियाना में रविवार को पुलिस एनकाउंटर में मारे गए 2 शूटरों में से एक की मां सामने आई है। अमृतसर के रहने वाले करनजोत सिंह उर्फ नोना (25) की मां रजवंत कौर ने कहा- मेरा इकलौता बेटा लकड़ी का काम करता है। परसों सुबह उसने मुझे कहा था कि मम्मी मैं काम से जल्दी आ जाऊंगा।

मां ने कहा कि मैं ठीक नहीं रहती हूं। परसों बेटे ने मेरे टेस्ट करवाने जाना था। मेरा ऑपरेशन भी होना था। लास्ट टाइम रविवार सुबह 11 बजे मेरी बात हुई थी। तब उसने कहा था कि मैं ठीक-ठाक हूं और जल्दी घर आ जाऊंगा।

मां ने कहा कि मुझे नहीं पता वह किसके साथ गया था। मैंने उससे पूछा कि तुम कहां हो तो उसने कुछ नहीं बताया। मेरी बेटी विदेश में रहती है। 5 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसने मुझे कॉल कर बताया कि भाई को मार दिया है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. छुट्टी न मिलने पर मुलाजिम ने सुसाइड किया

तरनतारन में सरकारी कॉलेज के एक कर्मचारी ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार कॉलेज के सुपरिंटेंडेंट को बताया है।

वीडियो में कर्मचारी ने कहा- पिछले एक साल से जगतार सिंह क्लर्क, जो पिछले महीने सुपरिंटेंडेंट बना है, उसने मुझे बहुत परेशान किया है। जब मुझे टाइफाइड हुआ, तो मैंने मेडिकल लीव ली। उस समय भी उसने मुझसे 5 हजार रुपए रिश्वत ली।

मृतक की पहचान तरसेम सिंह के रूप में हुई, जो गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज की लाइब्रेरी में करीब 26 साल से काम कर रहा था। मामला रविवार रात का है, फिलहाल पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

6. PU के पीजी सिलेबस से सिख इतिहास हटाया

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी के पोस्टग्रेजुएट सिलेबस से सिख इतिहास को अनिवार्य विषय की सूची से हटाकर वैकल्पिक श्रेणी में डाल दिया गया है। इस फैसले के सामने आते ही पंजाब की राजनीति गरमा गई है। बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने इस कदम के विरोध में केंद्रीय शिक्षामंत्री प्रह्लाद जोशी को पत्र लिखकर कड़ा रोष व्यक्त किया है।

सांसद ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि यूनिवर्सिटी का यह फैसला पूरी तरह पंजाब विरोधी है, जिसने पंजाबियों और सिख समुदाय के मन में भारी गुस्सा और अविश्वास पैदा कर दिया है।

हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन का तर्क है कि यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत किया गया है, लेकिन हरसिमरत बादल का कहना है कि यह पंजाब की समृद्ध सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत को व्यवस्थित रूप से कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने मांग की है कि एमए इतिहास के नए सिलेबस को तुरंत रद्द कर पुराना सिलेबस बहाल किया जाए। (पढ़ें पूरी खबर)

7. नाइट क्लब में फायरिंग, लेडी ब्लॉगर को गोली लगी

हरियाणा के पंचकूला के सेक्टर-11 स्थित अलिफ लैला नाइट क्लब में 3 पंजाबी युवकों ने फायरिंग की। युवक क्लब में डांस करने पहुंचे थे और तीनों में कहासुनी हो गई। तभी एक युवक ने नशे में दो फायर कर दिए।

इसी दौरान वहां वीडियो शूट करने आई लेडी ब्लॉगर को गोली लग गई। मारपीट के बीच युवक एक-दूसरे पर कांच के गिलास भी फेंकने लगे, जिसके टुकड़े लेडी ब्लॉगर की गर्दन में घुस गए।

इसके बाद फायरिंग कर रहे युवकों को क्लब के सुरक्षाकर्मियों और वहां मौजूद लोगों ने काबू कर लिया। पहले उनकी जमकर पिटाई की गई, फिर पुलिस को सौंप दिया गया। घायल लेडी ब्लॉगर को सेक्टर-6 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में FIR दर्ज कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर)

8. बच्चों से भरी स्कूल बस PRTC बस से भिड़ी, ड्राइवर की टांगें टूटीं

मानसा में नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे स्कूल बस आगे जा रही PRTC बस से टकरा गई। इससे स्कूल बस में सवार करीब 10 से 15 बच्चे घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा स्कूल बस ड्राइवर की दोनों टांगें टूट गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज किया जा रहा है। फिलहाल बरेटा पुलिस इस मामले की अब जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। यह स्कूल बस हौली हार्ट पब्लिक स्कूल, किशनगढ़ की बताई जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पहली बार पंजाब में, फैंस की एंट्री फ्री

मेन्स हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन इस बार पहली बार पंजाब में होने जा रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज मोहाली में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के शेड्यूल और लोगो का आधिकारिक अनावरण किया।

टूर्नामेंट की शुरुआत 27 अक्टूबर को जालंधर में होगी। जबकि, फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मैच पंजाब के अलग-अलग शहरों में खेले जाएंगे, जिनमें भारत, पाकिस्तान, जापान, मलेशिया, चीन और कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी।

ओमान और बांग्लादेश को रिजर्व टीमों के तौर पर रखा गया है। सरकार ने इस टूर्नामेंट के लिए 25 करोड़ 40 लाख रुपए का बजट रखा है। पूरे टूर्नामेंट में दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी। सरकार की तरफ से सभी उचित इंतजाम किए जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. 70 करोड़ रुपए के नकली सिक्के बाजार में चलाए

पंजाब में जीरकपुर के रहने वाले उपकार लूथरा उर्फ अभय प्रताप सिंह ने हरियाणा के सोनीपत में अनोखा क्राइम किया। यूपी की सहारनपुर पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी ने सोनीपत में फैक्ट्री लगाकर 20 रुपए के सिक्के बनाए और बाजार में चला दिए।

सहारनपुर पुलिस के मुताबिक, वह 2001 से इस काम में लगा हुआ था। उपकार ने सोनीपत की बड़ी इंडस्ट्री एरिया में मशीन और डाई की मदद से नकली सिक्के बनाने की फैक्ट्री लगा रखी थी। यहां रोजाना 12 हजार सिक्के तैयार करने की क्षमता थी।

इन सिक्कों को छोटे दुकानदारों के अलावा सरकारी शराब ठेकों और टोल टैक्स पर चलाया गया। आरोपियों ने करीब 6 महीने में 70 करोड़ रुपए से ज्यादा के नकली सिक्के बाजार में चलाने की बात कही है। आरोपी सहारनपुर में भी फैक्ट्री लगाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने सहारनपुर से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *