Headlines

गणपति बप्पा की भक्ति में डूबे सरायकेला और आसपास के श्रद्धालु, गूंज रहे जयकारे




भास्कर न्यूज | सरायकेला विघ्न विनायक भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ सोमवार को सरायकेला शहर और आसपास के क्षेत्र में गणेश उत्सव का शुभारंभ हुआ। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। सुबह से ही विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। शाम होते ही रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा शहर उत्सव के रंग में रंग गया। शहर के थाना चौक स्थित यंग क्लब की ओर से इस वर्ष भी गणेश पूजा का आयोजन किया गया है। यह शहर की पुरानी पूजा समितियों में शामिल है। यहां वर्षों से भगवान गणेश की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ होती आ रही है। इस बार यहां स्थापित करीब 11 फीट ऊंची आकर्षक गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। वहीं संजय चौक स्थित उदय संघ की ओर से भी गणेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। आकर्षक विद्युत सज्जा और पंडाल की साज-सज्जा के लिए इस पूजा समिति की शहर में अलग पहचान रही है। इस वर्ष भी आकर्षक लाइटिंग और सजावट श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींच रही है। इसके अलावा गोपी होटल रोड स्थित युवा भैरव और पोस्ट ऑफिस के समीप सिद्धिविनायक संघ की ओर से स्थापित गणेश प्रतिमा और आकर्षक पूजा पंडाल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। विभिन्न पूजा पंडालों में शाम के समय श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सरायकेला में गणेश उत्सव की परंपरा केवल पूजा तक सीमित नहीं है। वर्षों से चली आ रही पूजा समितियों ने इस उत्सव को शहर की सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा बना दिया है। थाना चौक का यंग क्लब और संजय चौक का उदय संघ जैसी पुरानी समितियां आज भी अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। समय के साथ गणेश पूजा के स्वरूप में भी बदलाव आया है। पहले प्रतिमा और साधारण पंडाल ही पूजा का मुख्य आकर्षण हुआ करते थे। अब भव्य पंडाल, आकर्षक लाइटिंग, विद्युत सजावट और बड़ी प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित करने लगी हैं। यही वजह है कि अलग-अलग पूजा समितियां हर वर्ष कुछ नया और बेहतर करने का प्रयास करती हैं। इसका असर उत्सव के माहौल पर भी दिखाई देता है। शाम होते ही परिवार के साथ लोग पूजा पंडालों का भ्रमण करने निकलते हैं। बच्चों में प्रतिमाओं और सजावट को लेकर खास उत्साह रहता है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी आयोजन को और जीवंत बनाती है। सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष नजर : गणेश उत्सव के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देशानुसार पूरे जिले में विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। महिला पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। पुलिस की ओर से पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। गणेश उत्सव को लेकर बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में खासा उत्साह है। श्रद्धालु परिवार के साथ पंडालों में पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पूरे नगर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच भक्ति और उत्सव का माहौल बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *