Headlines

जीवित महिला का नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप:मामला गरमाया; वार्ड-2 के सैकड़ों लोग पचंबा थाना पहुंचे, जांच कर कार्रवाई की मांग




गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 में एक जीवित महिला का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 जमा करने का आरोप लगा है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को वार्ड संख्या-2 के सैकड़ों लोग पचंबा थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वार्ड संख्या-2 निवासी शाहिदा खातून ने पचंबा थाना में लिखित शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह शहादत अंसारी की पत्नी हैं और भाग संख्या-4 की मतदाता हैं। शाहिदा खातून का कहना है कि वह जीवित हैं और अपने वर्तमान पते पर ही रह रही हैं। इसके बावजूद उनके नाम को मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म नंबर-7 जमा किया गया है। उन्होंने अपने आवेदन में भाग संख्या-4 के भाजपा द्वारा नियुक्त बीएलए-2 पर आरोप लगाया है। शाहिदा खातून ने कहा कि जीवित होने के बावजूद मतदाता सूची से नाम हटाने का यह प्रयास उनके मताधिकार और नागरिक अधिकारों को प्रभावित करने वाला गंभीर मामला है। इस दौरान झामुमो के गिरिडीह जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डिप्टी मेयर सुमित कुमार समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी थाना पहुंचे। नेताओं ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले की जांच कराने और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाया कि वार्ड संख्या-2 के करीब 25 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए कथित तौर पर फॉर्म नंबर-7 जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जीवित मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर ऐसे मामलों को पहचान करने और जानबूझकर गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने यह भी बताया कि गांडेय में भी ऐसा ही विवाद हुआ था, जिस पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी जीवित मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटना उसके मताधिकार का हनन है। लोगों ने प्रशासन से एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जमा किए गए फॉर्म नंबर-7 की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *