![]()
लुधियाना के हैबोवाल जसियां रोड इलाके में एक 3 साल की शादीशुदा 22 वर्षीय महिला रजनी की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। मृतका 2 महीने की गर्भवती थी और उसकी एक छोटी बेटी भी है। इस घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया है। परिजनों का दावा है कि ससुराल पक्ष ने विवाद के बाद बेटी को मारकर फंदे से लटकाया है क्योंकि शव के घुटने जमीन/बेड पर टिके हुए थे और चुन्नी से फंदा लगा हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मायके से पहुंचे भाई शिवम निवासी बीआरएस नगर ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। शिवम ने कहा मुझे शाम करीब 6 से 6:30 बजे जीजा का फोन आया कि रजनी ने फांसी लगा ली है। जब मैंने पूछा कि तुमने उसे फंदे से नीचे उतारा या अस्पताल लेकर गए, तो उसने बेरुखी से कहा नहीं हम बॉडी नहीं उतारेंगे ऐसे ही लटकी रहेगी। जब मैं करीब आधे-पौने घंटे में पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचा तो मेरी बहन का शव पंखे से चुन्नी के सहारे लटक रहा था। ससुराल का कोई भी व्यक्ति दुखी नहीं था सब ड्रामा कर रहे थे। उल्टा वे हमारे साथ बहस और झगड़ा करने लगे। जिस हालत में बहन लटक रही थी साफ दिख रहा है कि उसे मारकर लटकाया गया है। हमारी मांग है कि पूरे ससुराल परिवार पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई हो। भाई ने आगे बताया कि ससुराल में मृतका की सास और तीन देवर हैं (ससुर की इसी साल जनवरी में मौत हो चुकी है)। पति एक ऑटो-पार्ट्स फैक्ट्री में काम करता है और शादी के बाद से ही घर में आए दिन विवाद और कलह रहती थी। अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बिलखती मां माया देवी ने ससुराल वालों पर सीधे कत्ल की साजिश का आरोप लगाया। मां माया देवी ने रोते हुए बताया शनिवार रात को दामाद का फोन आया था। वह बेबुनियाद बातों को लेकर मुझ पर गलत इल्जाम लगा रहा था और मुझे गंदी-गंदी गालियां दे रहा था। जब मेरी बेटी रजनी ने अपने पति को रोका कि मेरी मां को गाली मत दो तो दामाद ने उसे धमकी दी कि तुझे छत से नीचे फेंक दूंगा। सोमवार शाम को हमें खबर मिली कि बेटी खत्म हो गई। जब हमने जाकर देखा तो मेरी बेटी के घुटने जमीन/बेड से लगे हुए थे। चुन्नी के सहारे कोई घुटनों के बल बैठकर कैसे जान दे सकता है उन्होंने पहले मेरी बेटी को मारा और फिर खुद को बचाने के लिए फंदे पर टांग दिया। मेरी फूल जैसी बेटी की एक छोटी बच्ची है और पेट में 2 महीने का बच्चा था। हमें इंसाफ चाहिए, इन कातिलों को फांसी होनी चाहिए। घटना की सूचना मिलते ही थाना हैबोवाल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की तफ्तीश कर रहे जांच अधिकारी एएसआई अमर सिंह थाना हैबोवाल ने बताया हमें सूचना मिली थी कि हैबोवाल स्थित एक घर में महिला का शव पंखे से लटक रहा है। सूचना मिलते ही एसएचओ साहिब और हमारी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। मृतका के पति को पुलिस ने तुरंत राउंड-अप (हिरासत में) कर लिया है और एसएचओ साहिब उससे थाने में गहनता से पूछताछ कर रहे हैं। मायके पक्ष के बयानों और पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसी अनुसार कानूनी धाराएं जोड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
लुधियाना में संदिग्ध हालात में महिला की मौत:पंखे से लटकी मिली शव; भाई बोला- जीजा ने हाथ तक नहीं लगाया,मां ने लगाए मर्डर के आरोप,पति हिरासत में
